बिहार

कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि से लोगों में परेशानी बनी

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

संतोष कुमार की रिपोर्ट

सुपौल/बिहार पिछले दो दिनों से नेपाल के तराई व कोसी के जल अधिग्रहण क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण बिहार की मुश्किलें अधिक होने लगी हैं। कोसी, कमला बलान और बागमी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है। अररिया व सुपौल समेत कोसी- सीमांचल क्षेत्र की संकट अब फिर एकबार गहराने लगी है। जल संसाधन मंत्री संजय झा ने पूरी स्थिति की जानकारी ली और मुख्यालय से लेकर फील्ड में तैनात सभी अधिकारियों व इंजीनियर को अलर्ट किया है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कोसी बराज के 56 फाटकों में से 23 फाटकों को खोल दिया गया है। इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी कोसी नहर के सभी दस फाटकों को भी खोल दिया गया है। रविवार शाम 4 बजे कोसी बराज पर कोसी नदी का डिस्चार्ज बढ़ते क्रम में 1 लाख 67 हजार 270 क्यूसेक और बराह क्षेत्र में भी बढ़ते क्रम 1 लाख 12 हजार 600 क्यूसेक रिकॉर्ड किया गया। सुबह 6 बजे के बाद से ही रविवार को कोसी नदी का डिस्चार्ज बढ़ना शुरू हो गया था। कोसी बराज पर कोसी नदी का डिस्चार्ज सुबह 6 बजे 1 लाख 14 हजार 325 क्यूसेक था वहीं 8 बजे 1 लाख 27 हजार 870 क्यूसेक पर पहुंच गया। 10 बजे डिस्चार्ज 1 लाख 38 हजार 275 क्यूसेक था तो 12 बजे 1 लाख 64 हजार 345 क्यूसेक पर पहुंच गया।

इस तरह से कोसी नदी का डिस्चार्ज लगातार बढ़ता रहा। इसको लेकर चीफ इंजीनियर ने सभी इंजीनियरों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। जलस्तर बढ़ते ही कई स्परों पर कोसी नदी का दबाव भी बढ़ गया। फ्लड फाइटिंग फोर्स के चेयरमैन के आदेश पर बाढ़ संघर्षात्मक कार्य कराए जा रहे हैं। बाढ़ नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार नेपाल प्रभाग के पूर्वी एफलक्स बांध के 23.52 किमी स्पर पर कोसी नदी का दबाव बढ़ गया है जहां बाढ़ संघर्षात्मक काम कराए जा रहे हैं। इसके अलावा पश्चिमी कोसी तटबंध के भारदह से नीचे 9.18 किलोमीटर के स्पर के अपस्ट्रीम के नोज और 8.09 किमी के डाउनस्ट्रीम के एप्रोन पर कोसी नदी का दबाव बढ़ा हुआ है।