बिहारसंस्कृति

हर घर तिरंगा अभियान के तहत रहिका प्रखंड में कार्यक्रम, अधिकारियों ने दिलाया राष्ट्रप्रेम का संदेश

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

अजय कुमार ठाकुर की रिपोर्ट 

मधुबनी जिले के रहिका प्रखंड में आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को आगे बढ़ाते हुए हर घर तिरंगा अभियान के तहत एक छोटा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की अपील की।

कार्यक्रम में रहिका प्रखंड विकास पदाधिकारी आशुतोष कुमार, अंचल पदाधिकारी रोहित कुमार, प्रखंड प्रमुख शांति देवी सहित प्रखंड के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए। इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों के बीच देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने आम लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने तथा अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।

रहिका प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मियों में भी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

बीडीओ आशुतोष कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम लोगों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाते हैं। वहीं अंचल पदाधिकारी रोहित कुमार और प्रखंड प्रमुख शांति देवी ने भी लोगों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने की अपील की।