महिला सशक्तीकरण की सबसे मजबूत आधारशिला है शिक्षा : बिहार विधान सभा अध्यक्ष।। 2.बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।। 3.अमर शहीद अकलू तुरहा के शहादत दिवस पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर प्रेम कुमार ने दी श्रद्धांजलि
न्यूज डेस्क
बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार आज गौतम बुद्ध महिला कॉलेज, गया जी के 74वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर “बिहार में महिला शिक्षा एवं सशक्तीकरण : अवसर और चुनौतियाँ” विषय पर आयोजित एक दिवसीय सेमिनार को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महिला शिक्षा केवल एक बेटी का जीवन नहीं बदलती, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाती है।
उन्होंने कहा कि बिहार में बालिकाओं की शिक्षा के क्षेत्र में पिछले वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। साइकिल योजना, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न प्रोत्साहनकारी योजनाओं से बेटियों के लिए शिक्षा के अवसर बढ़े हैं। अब आवश्यकता है कि शिक्षा के साथ कौशल, रोजगार और नेतृत्व के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएँ।
माननीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में छात्राओं को डिजिटल शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता, उद्यमिता और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने महाविद्यालयों में करियर काउंसलिंग, कौशल विकास, इंटर्नशिप एवं रोजगार के अवसरों को मजबूत करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा तक पहुँच, आर्थिक कठिनाइयाँ, सामाजिक रूढ़ियाँ, डिजिटल असमानता और सुरक्षित परिवहन जैसी चुनौतियाँ अभी भी मौजूद हैं। समाज को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी बेटी की प्रतिभा अवसर के अभाव में न रुके।
गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की भूमिका की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि गया की ज्ञान और आध्यात्मिक विरासत के बीच स्थित यह संस्थान महिला शिक्षा और नेतृत्व का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास को जीवन का आधार बनाकर आगे बढ़ने तथा सार्वजनिक जीवन में नेतृत्व की भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अध्यक्ष ने कहा कि “हर बेटी को शिक्षा, हर बेटी को सुरक्षा, हर बेटी को अवसर और हर बेटी को सम्मान” हमारा सामूहिक संकल्प होना चाहिए। उन्होंने महाविद्यालय परिवार को 74वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
2.बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्मरण कराता है। स्वतंत्रता के साथ हमारे ऊपर राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी दायित्व है। हमें संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।
अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन की गौरवशाली परंपरा और लोकतांत्रिक विरासत से प्रेरणा लेते हुए सभी नागरिक राज्य एवं राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएँ। सामूहिक प्रयासों से ही समृद्ध बिहार एवं विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर सभी से महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
3.अमर शहीद अकलू तुरहा के शहादत दिवस पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर प्रेम कुमार ने दी श्रद्धांजलि
अमर शहीद अकलू तुरहा के शहादत दिवस के अवसर पर बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अमर शहीद के त्याग, बलिदान और देशभक्ति को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों और नौजवानों के त्याग एवं कुर्बानियों के बाद प्राप्त हुई है।
हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर देश को आजादी दिलाई। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
अमर शहीद अकलू तुरहा जैसे वीर सपूतों का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके संघर्ष और बलिदान से युवा पीढ़ी को राष्ट्रहित, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम की प्रेरणा लेनी चाहिए।
शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। आज के युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे स्वतंत्रता के महत्व को समझें और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें।यही अमर बलिदानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर रणविजय रोशन, सुबोध चौधरी, अनिल कुमार चंदेल, सुशील कुमार, बैद्यनाथ शाह, अधिवक्ता सत्य प्रकाश सिंह, सनी गोयल, प्रदीप शाह, राहुल कुमार, छोटू शाह सहित बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे एवं अमर शहीद अकलू तुरहा को श्रद्धासुमन अर्पित किया ।

