अंतरजातीय प्रेम विवाह के बाद परिजनों का पुतला दहन और प्रतीकात्मक श्राद्ध दो समाजों में दो तरह की प्रतिक्रिया
सेंट्रल डेस्क
पूर्णिया जिले के एक गांव से अंतरजातीय प्रेम विवाह का एक संवेदनशील मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार गांव की एक युवती, जो गोस्वामी समाज से आती है, ने अपने ही गांव के एक युवक से प्रेम विवाह कर लिया है। युवक अनुसूचित जाति से बताया जा रहा है।
बताया जाता है कि युवक युवती के भाई का मित्र था और घर आना-जाना था, इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी।
दो अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
1. परिजनों की नाराजगी युवती के परिजनों ने इस विवाह को स्वीकार नहीं किया। नाराजगी में उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से पुतला दहन और जीवित पिंडदान / श्राद्ध जैसी प्रक्रिया की है, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह कदम गुस्से और सामाजिक दबाव में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
2. दूसरे पक्ष में सम्मान वहीं दूसरी तरफ युवक को उसके समाज के कुछ लोगों द्वारा सम्मानित करने की खबरें भी सामने आ रही हैं। इसको लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।
सोशल मीडिया पर वीडियो का चलन क्यों
आजकल भागकर विवाह करने वाले जोड़े अक्सर एक वीडियो जारी करते हैं जिसमें युवती कहती है “मैं अपनी मर्जी से आई हूँ। कानूनी रूप से यह सुरक्षा के लिए किया जाता है ताकि परिजनों द्वारा अपहरण का केस न हो सके। लेकिन यह सवाल भी उठता है कि क्या यह फैसला सच में परिपक्व प्रेम का है या क्षणिक आकर्षण का यह घटना सिर्फ दो लोगों की नहीं, बल्कि आज के समाज की तस्वीर है।
पहली बात, अगर दोनों बालिग हैं तो भारत के कानून के तहत अपनी पसंद से विवाह करने का अधिकार सभी को है। इसे कोई रोक नहीं सकता।
दूसरी बात, यह घटना अभिभावकों के लिए एक बड़ा सबक है। आज के समय में बच्चों को संस्कारित करना और उनसे संवाद बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है। बच्चे किससे मिल रहे हैं, किसके साथ समय बिता रहे हैं, इस पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। जब भाई अपने दोस्त को घर लाता है, तभी से एक मर्यादा और निगरानी जरूरी होती है।
तीसरी बात, पुतला फूंकना, श्राद्ध करना या दूसरी तरफ किसी को सिर्फ इसलिए हीरो बना देना कि उसने दूसरे समाज की लड़की से शादी की है – दोनों ही सोच गलत हैं। लड़की कोई ट्रॉफी या शील्ड नहीं है। वह एक जीवित इंसान है, जिसका सम्मान दोनों पक्षों को करना चाहिए।
किसी भी उपन्यास या टिप्पणी में बदले की भावना से विवाह को देखना बेहद खतरनाक सोच है। विवाह बदला नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। अगर लड़के के पास अभी रहने के लिए पक्का घर भी नहीं है, तो सम्मान से पहले उसे अपने पैरों पर खड़ा होना होगा, तभी वह उस लड़की को सुरक्षित भविष्य दे पाएगा जिसने अपने माता-पिता तक को छोड़ दिया।
निष्कर्ष जरूरत है जागरूकता की। माता-पिता अपने बच्चों को समय दें, उनकी बात सुनें और सही-गलत का फर्क समझाएं। और युवाओं को भी समझना होगा कि प्रेम का मतलब सिर्फ भाग जाना नहीं, बल्कि जीवन भर की जिम्मेदारी निभाना है।

