बिहार

धान खरीद में पैक्सों द्वारा किए जा रहे टालमटोल से किसान आक्रोशित

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

लदनियां से अमरनाथ यादव की रिपोर्ट

मधुबनी /लदनियां प्रखंड के पैक्सों में धान खरीद की रफ्तार धीमी है। पैक्सों में धान बेचने के लिए प्रखंड के 709 किसानों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है, जिसमें अभीतक मात्र 80 किसानों के धान खरीदे जा सके हैं। शेष किसान पैक्सों के चक्कर लगा रहे हैं। बीतते समय और बढ़ती जरूरत के हिसाब से किसान अपने धान लोकल व्यापारियों के हाथों बेचते चले जा रहे हैं। रबी की खेती के लिए खाद बीज की जरूरत होती है, जिसकी खरीद के लिए वे घर के अनाज बेचते हैं। पैक्स में नहीं बिकने की स्थिति में मजबूर किसानों को लोकल व्यापारियों के हाथों औने -पौने दाम पर धान बेचना पड़ता है। जहां किसानों को 1450 से 1500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्राप्त होते हैं।

हलांकि बीसीओ कमलजीत कुमार ने बताया कि धान खरीद करने के लिए प्रखंड के सभी 15 पैक्सों को राशि उपलब्ध करा दी गई है। पैक्सों के द्वारा धान की खरीद मानक दर पर की जा रही है।

इधर पैक्सों द्वारा धान की खरीद में टालमटोल के बाबत आक्रोशित किसानों ने पैक्सों द्वारा धान खरीदी के दावे को छलावा बताया है। किसानों के अनुसार प्रति पैक्स अधिकतम सोलह लाख रुपये धान खरीद के लिए दिए गए हैं। पूरी राशि के धान की खरीद कर भी ली जाती है, तो प्रति पैक्स मात्र 854 क्विंटल धान की ही खरीद की जा सकेगी। जबकि एक पंचायत के लोग कम- से- कम नौ हजार क्विंटल धान पैक्स को देने की क्षमता रखते हैं। पैक्सों के द्वारा नहीं खरीदने के स्थिति में किसानों को औनेपौने दाम पर अपने धान को लोकल व्यापारियों के हाथों बेच देना पड़ता है।