बिहार

भागवत यादव की कुर्बानी बेकार नहीं जाएगी : मनोज यादव ।। 2. दूसरी सोमवारी पर पोखरौनी चौक पर लगा बोल बम सेवा कैंप, कांवरियों को नि:शुल्क मिल रही सुविधाएं

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

अजय कुमार ठाकुर की रिपोर्ट 

मधुबनी/  भारत की कम्यूनिस्ट पार्टी ( मार्क्सवादी) रहिका अंचल के खरौआ ब्रांच कमिटि तत्वावधान में सीपीआईएम खरौआ ब्रांच सचिव भागवत यादव की श्रद्धांजलि सह संकल्प सभा का आयोजन किया गया,सभा से पहले उनके तैल चित्र पर सभी नेताओं द्वारा पुष्पांजलि अर्पित किया गया, सभा की अध्यक्षता सोनधारी यादव ने किया।सभा को संबोधित करते हुए माकपा के बिहार राज्य सचिव ललन चौधरी ने कहा कि भागवत यादव एक सच्चे कम्यूनिस्ट थे, उन्होंने जनता के हित के लिए सदैव संघर्ष करते रहे, मार्क्सवादी विचारधारा,हाथ में लाल झंडा थामे लोगों के बीच काम करते रहे और विते दिन 27 जुलाई को अपराधियों ने हत्या कर दी,हम कहना चाहते हैं कोई हमको मार सकता है लेकिन मार्क्सवादी विचारधारा को कोई नहीं झुका सकता है।आज बिहार में सरकार, प्रशासन और अपराधी मिलकर सरकार के मुखिया सम्राट चौधरी बने हुए हैं और बिहार को रसातल में पहुंचा दिया है, प्रशासनिक विफलता,बढ़ते अपराध, महंगाई के सवाल पर पुरे देश में 10 अगस्त को जेल भरो आंदोलन है न्याय के लिए आप सभी लोग आगे आएं और बिहार को बदलें। माकपा मधुबनी सचिव मनोज कुमार यादव ने कहा कि भागवत यादव किसान, मजदूर, नौजवानों के हित में,अपराधी, सामंतवादी ताकतों के खिलाफ सदैव लड़ते रहे,उनकी कुर्बानी बेकार नहीं जाएगी, उन्होंने रहिका खरौआ में लाल झंडा को फ़ैलाने और जनता के हितों के लिए संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया , भागवत यादव के सिद्धांत, विचारों को आगे बढ़ाने,लाल झंडा को मजबूत कर हम उनके सच्ची श्रद्धांजलि से ही आगे बढ़ सकते हैं, उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग किया।सभा को माकपा के वरिष्ठ नेता विजय नाथ मिश्र, माकपा के जिला सचिव मंडल सदस्य दिलीप झा, माकपा के जिला कमिटि सदस्य विन्दु यादव, हरिहर झा,राम भरोस राय, इन्द्र जीत राय, उमेश ठाकुर,राम बाबू यादव सहित अन्य नेताओं ने
संबोधित कर श्रद्धांजलि अर्पित किया।

 

2. दूसरी सोमवारी पर पोखरौनी चौक पर लगा बोल बम सेवा कैंप, कांवरियों को नि:शुल्क मिल रही सुविधाएं

मधुबनी जिले में सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर कांवरियों और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न जगहों पर सेवा शिविर लगाए गए हैं। इसी क्रम में पोखरौनी चौक स्थित बोल बम सेवा समिति मधुबनी की ओर से सेवा कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में जयनगर स्थित कमला नदी से जल भरकर बाबा कपिलेश्वर स्थान सहित विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करने जाने वाले कांवरियों के लिए कई तरह की नि:शुल्क सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

बोल बम सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि कांवरियों की सेवा को लेकर हर वर्ष सावन की चारों सोमवारी पर सेवा कैंप लगाया जाता है। इस वर्ष भी समिति की ओर से सेवा भावना के साथ लगातार शिविर का संचालन किया जा रहा है। कैंप में कांवरियों के लिए ठंडा पानी, ओआरएस और एनर्जी ड्रिंक की व्यवस्था की गई है, ताकि लंबी दूरी पैदल तय करने वाले कांवरियों को गर्मी और थकान से राहत मिल सके।

इसके अलावा किसी कांवरिया को चोट लगने या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर प्राथमिक उपचार के लिए दवा, मलहम-पट्टी सहित आवश्यक चिकित्सा सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है। समिति की ओर से कांवरियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई है। भोजन पूरी तरह सात्विक रखा गया है और इसमें लहसुन-प्याज का प्रयोग नहीं किया जा रहा है।

सेवा कैंप में कांवरियों के लिए स्नान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। समिति के सदस्यों ने कहा कि कांवरियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है और इसी उद्देश्य से हर साल सावन के महीने में कैंप लगाया जाता है। यहां पहुंचने वाले बम को बिना किसी शुल्क के पानी, भोजन, पेय पदार्थ, चिकित्सा सुविधा और स्नान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।