SSB ने चार बड़ी कार्रवाइयों में 309 लीटर नेपाली शराब जब्त 04 अभियुक्त गिरफ्तार
कृष्णा कुमार
मधुबनी/भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत दिनांक 08 एवं 09 अगस्त 2026 को सीमा क्षेत्र में चार अलग-अलग कार्रवाइयों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। इन कार्रवाइयों में कुल 309 लीटर नेपाली शराब बरामद कर जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान 04 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा तस्करी में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल एवं 03 साइकिल भी जब्त की गईं।
🔹 ‘G’ कंपनी, जानकीनगर की कार्रवाई
दिनांक 08 अगस्त 2026 को लगभग 1940 बजे, ‘G’ कंपनी, जानकीनगर, 48वीं वाहिनी SSB के कंपनी मुख्यालय को सूचना प्राप्त हुई कि SSB के सरकारी वाहन को देखकर एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर बेला गांव की ओर फरार हो गया है।
सूचना के आधार पर विशेष गश्ती दल को तत्काल मौके पर भेजा गया। टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 277/1 से लगभग 3.5 किलोमीटर भारतीय क्षेत्र में ग्राम बेला टोल, थाना बासोपट्टी के पास लावारिस मोटरसाइकिल की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के स्टोरेज एवं सीट के नीचे से सौरभ सोफी की 90 बोतलें, प्रत्येक 300 एमएल, कुल 27 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। मौके से Hero Passion X-Pro मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इस कार्रवाई में कोई व्यक्ति गिरफ्तार नहीं हुआ।
🔹 ‘F’ कंपनी मुख्यालय, कमला की कार्रवाई
दिनांक 08 अगस्त 2026 को लगभग 2230 बजे, ‘F’ कंपनी मुख्यालय कमला की नाका पार्टी द्वारा सीमा स्तंभ संख्या 271/WP-1 से लगभग 400 मीटर भारतीय क्षेत्र में ग्राम अकौन्हा के समीप नाका ड्यूटी की जा रही थी।
इसी दौरान नेपाल की ओर से भारत की तरफ आते दो व्यक्तियों को रोककर उनके पास मौजूद कैरी बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में नेपाली सोफी की 105 बोतलें, प्रत्येक 300 एमएल, कुल 31.5 लीटर शराब बरामद हुई। दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
🔹 ‘D’ कंपनी, BOP अखराघाट की कार्रवाई
दिनांक 09 अगस्त 2026 को लगभग 0634 बजे, ‘D’ कंपनी के BOP अखराघाट के गश्ती दल द्वारा सीमा स्तंभ संख्या 291/14 से लगभग 30 मीटर भारतीय क्षेत्र में नदी के समीप नियमित गश्त की जा रही थी।
गश्ती दल ने कुछ व्यक्तियों को नदी पार कर साइकिलों पर बोरे लादते हुए देखा। SSB जवानों को देखते ही कुछ व्यक्तियों ने नदी में छलांग लगाकर नेपाल की ओर भागने का प्रयास किया। गश्ती दल ने तत्परता से पीछा करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि अन्य व्यक्ति नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।
मौके से 720 बोतल नेपाली शराब, प्रत्येक 300 एमएल, कुल 216 लीटर, तथा 03 साइकिल बरामद की गईं।
🔹 ‘A’ कंपनी, माधवपुर की कार्रवाई
दिनांक 09 अगस्त 2026 को लगभग 0945 बजे, ‘A’ कंपनी, माधवपुर, 48वीं वाहिनी SSB के विशेष गश्ती दल द्वारा सीमा स्तंभ संख्या 296/1 से लगभग 150 मीटर भारतीय क्षेत्र में विशेष गश्त की जा रही थी।
इसी दौरान नेपाल की ओर से मोटरसाइकिल पर भारत आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की स्टील टंकी से नेपाली सोफी की 115 बोतलें, प्रत्येक 300 एमएल, कुल 34.5 लीटर शराब बरामद हुई। मौके से Hero Splender+ मोटरसाइकिल भी जब्त की गई तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
कुल बरामदगी
चारों कार्रवाइयों में कुल 309 लीटर नेपाली शराब, 02 मोटरसाइकिल एवं 03 साइकिल जब्त की गईं तथा 04 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
संबंधित थानों को सुपुर्दगी
चारों मामलों में आवश्यक जब्ती एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत गिरफ्तार अभियुक्तों एवं जब्त सामग्री को संबंधित थाना बासोपट्टी, देवधा, साहरघाट एवं मधवापुर को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु विधिवत सुपुर्द कर दिया ।

