मधुबनी में प्रशासन फेल सरकार कमजोर कब थमेगा हत्याओं का सिलसिला
रिपोर्ट:सुरेंद्र कुमार सिंह
मधुबनी जिला प्रशासन की एक और बड़ी नाकामी सामने आई है। आज फिर बिस्फी प्रखंड में एक नौजवान विकास यादव की हत्या कर दी गई। यह कोई पहली घटना नहीं है। मधुबनी में लगातार हो रही हत्याओं ने यह साबित कर दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज बची ही नहीं है।
जिले में पुलिस पदाधिकारी कुर्सी पर बैठकर सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं। गश्ती के नाम पर खानापूर्ति, अपराधियों पर नकेल कसने में पूरी तरह फेल। अगर प्रशासन चुस्त होता, गश्ती होती तो आज बिस्फी का लाल जिंदा होता। यह निकम्मी व्यवस्था का नतीजा है कि अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं और आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
यह सरकार की कमजोरी ही है कि जिले में यादवों सहित आम लोगों की लगातार हत्या हो रही है और सरकार मौन है। न कोई ठोस कार्रवाई न अपराधियों में कोई खौफ। सरकार के दावे सिर्फ विज्ञापनों तक सीमित हैं। जमीन पर जनता लाशें गिन रही है।आज विकास यादव की हत्या ने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी है। यह सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि प्रशासन की कार्यशैली और सरकार की विफलता पर बड़ा सवाल है।विकास यादव हत्याकांड की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच हो। दोषी पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई हो जो ड्यूटी में लापरवाही बरत रहे हैं। जिले में विशेष अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जाए।पीड़ित परिवार को 20 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए। बिस्फी के विकास यादव के परिवार के साथ खड़े हैं। उनके न्याय के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष होगा। अगर प्रशासन अब भी नहीं जागा तो जनता सड़क पर उतरने को मजबूर होगी।

