सहरसा में मिड डे मील से 24 बच्चे बीमार, कवरेज करने गए पत्रकार से सदर अस्पताल में मारपीट
सहरसा ब्यूरो
बिहार/सहरसा जिले में मिड डे मील खाने से 24 बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। घटना गंजहला प्रखंड के एक सरकारी स्कूल की है, जहां 1:30 बजे खिचड़ी-सब्जी खाने के बाद बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर की शिकायत हुई। सभी बच्चों को 108 एंबुलेंस से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सिविल सर्जन डॉ. आरके सिंह के अनुसार सभी की हालत अब स्थिर है और फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
रिपोर्टिंग करने गए पत्रकार से मारपीट
इसी घटना की रिपोर्टिंग करने सदर अस्पताल पहुंचे प्रभात खबर के संवाददाता के साथ अस्पताल परिसर में मारपीट की घटना हुई। पत्रकार का आरोप है कि जब वे अस्पताल में भर्ती बच्चों और मिड डे मील की घटना को लेकर सवाल कर रहे थे, तभी अस्पताल के कुछ कर्मियों और समर्थकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और कैमरा तोड़ने का प्रयास किया।
घटना के बाद पत्रकार ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने धारा 323, 341, 504 और 307 के तहत मामला दर्ज कर 3 लोगों को हिरासत में लिया है।
डॉ. एसके आजाद पर निलंबन की मांग तेज
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एसके आजाद पर लापरवाही और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं। अभिभावकों और पत्रकार संगठनों ने अस्पताल में अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए डॉ. आजाद को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। पत्रकार संघ सहरसा ने कहा डॉ. आजाद का रवैया अक्सर पत्रकारों और आम जनता के प्रति अपमानजनक रहा है। प्रशासन अविलंब कार्रवाई करे।
जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है और कहा है कि 24 घंटे में रिपोर्ट सौंपी जाएगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी।

