बाढ़ पीड़ितों की मदद के बीच बिगड़ी सांसद पप्पू यादव की तबीयत पटना आवास लौटे
न्यूज डेस्क
पटना /बाढ़ राहत में लगातार सक्रिय पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की तबीयत आज दोपहर अचानक बिगड़ गई। लगातार कई दिनों से पानी में रहकर राहत कार्य करने के कारण उनकी तबीयत खराब हुई है, जिसके बाद वह पटना स्थित अपने आवास पर लौट आए हैं।
इस संबंध में उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट कर जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है –
इंसानियत के लिए जीने का हौसला और आम जनमानस को बचाने का जज्बा जब आपके पास हो तो रुकना यकीनन पसंद नहीं आएगा। विगत कई दिनों से लगातार बाढ़ पीड़ितों के बीच हूं। सेवा और मदद पहुंचा रहा हूं। इस वजह से तबियत थोड़ी बिगड़ गई थी, तो वापस पटना आवास पर ही आ गया। यहां डॉक्टर साहब के इलाज के बाद फिर से बाढ़ पीड़ितों के बीच 5 बजे से रहूंगा। सोनपुर के गंगाजल की ओर जाना है। बस आपका प्रेम और आशीर्वाद बना रहे, हम हर मुसीबत में आपके साथ हैं और रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है, लेकिन उन्होंने कहा है कि वह शाम 5 बजे के बाद फिर से सोनपुर के गंगाजल इलाके में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचेंगे।

