ट्रैफिक DSP सुजीत कुमार 30 हजार घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार गिरफ्तारी के बाद तबीयत बिगड़ी ICU में भर्ती
शमीम
मधुबनी / बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई। मधुबनी के ट्रैफिक डीएसपी सुजीत कुमार को विजिलेंस की टीम ने 30,000 रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के अनुसार विजिलेंस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि ट्रैफिक डीएसपी द्वारा एक मामले में पैसे की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया और डीएसपी को घूस की रकम लेते ही दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद बिगड़ी तबीयत
गिरफ्तारी के तुरंत बाद डीएसपी सुजीत कुमार की तबीयत अचानक खराब हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें घबराहट और सीने में दर्द की शिकायत हुई। जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें मधुबनी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे ICU में इलाजरत हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।विजिलेंस की टीम अस्पताल के बाहर डटी हुई है और डिस्चार्ज होते ही उन्हें अपने साथ ले जाएगी।
विभाग में हड़कंप
एक डीएसपी स्तर के अधिकारी के घूस लेते पकड़े जाने के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आम लोगों में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है कि अब ट्रैफिक जैसे विभाग में भी भ्रष्टाचार पर निगरानी की नजर है।
फिलहाल निगरानी विभाग ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

