प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET-UG पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधारों के लिए कई महत्वपूर्ण कदमों की घोषणा
सेंट्रल डेस्क
दिल्ली/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET-UG पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधारों के लिए कई महत्वपूर्ण कदमों की घोषणा की है। रविवार को सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर साझा किए गए अपने संदेश में उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी तथा विश्वसनीय बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि देश की परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह समिति परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए सुझाव देगी।
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध कानूनी प्रक्रिया जारी है और सरकार परीक्षा संबंधी अपराधों से निपटने के लिए कठोर कदम उठा रही है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने ऐसे मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट-ट्रैक अदालतों की व्यवस्था की है। साथ ही, परीक्षा में गड़बड़ियों और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संसद में नए कानून लाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केवल वर्तमान मामलों में कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली में संरचनात्मक सुधार आवश्यक हैं। इसी उद्देश्य से विशेषज्ञों की मदद लेकर दीर्घकालिक सुधारों की दिशा में पहल की जा रही है।

