जदयू से डॉ. भारती मेहता एमएलसी उम्मीदवार हुए घोषित
न्यूज डेस्क
पटना/जदयू ने बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के द्वारा जारी सूची में मधुबनी जिले की डॉ. भारती मेहता को उम्मीदवार बनाया गया है। उनके नाम की घोषणा होते ही बाबूबरही प्रखंड सहित पूरे मधुबनी जिले के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह है। बाबूबरही प्रखंड अंतर्गत मुरहदी एवं तिरहुता पंचायत की मूल निवासी डॉ. भारती मेहता लंबे समय से सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनसेवा के कार्यों से जुड़ी रही हैं।
उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के अंतर्गत जिला परिषद सदस्य के रूप में की थी। इसके बाद संगठन और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। डॉ. मेहता बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शिव कुमार राउत की धर्मपत्नी हैं तथा एक प्रखर वक्ता के रूप में भी जानी जाती है। मिथिला क्षेत्र समेत विभिन्न प्रदेशों के आंचलिक इलाकों में महिलाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ और लोकप्रियता मानी जाती है। शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दों पर उनकी सक्रियता लगातार चर्चा में रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संगठन के प्रति निष्ठा, जनसरोकारों से जुड़ाव तथा राष्ट्रीय नेतृत्व के भरोसेमंद चेहरों में शामिल होने के कारण पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
उनकी उम्मीदवारी से मधुबनी जिले, विशेषकर बाबूबरही क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है और इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

