बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय को पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पदभार ग्रहण करने पर दी बधाई।। 2.अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सभी प्रतिभागियों को तम्बाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई।।3. ऑडिटोरियम में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर खुशीग्राम फाउंडेशन एवं रेडियंस मीडिया के तत्वावधान में “Beat The Heat” कार्यक्रम आयोजन
राजकुमार यादव की रिपोर्ट
पटना/बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय को पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पदभार ग्रहण करने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं ।
उन्होंने कहा कि पटना उच्च न्यायालय की 48वीं मुख्य न्यायाधीश तथा इस पद पर नियुक्त होने वाली दूसरी महिला न्यायाधीश के रूप में उनका चयन न्यायपालिका की गौरवशाली परंपरा को और सुदृढ़ करेगा। न्यायिक क्षेत्र में उनका व्यापक अनुभव न्याय के प्रभावी प्रशासन तथा संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण साबित होगा।
2. अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सभी प्रतिभागियों को तम्बाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई
पटना/विश्व तम्बाकू निषेध दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आज बिहार विधान सभा, पटना के विस्तारित भवन स्थित ऑडिटोरियम हॉल में “तम्बाकू मुक्त बिहार: युवा, सरकारी संस्थानों और आध्यात्मिक संगठनों की भूमिका” विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि तम्बाकू सेवन केवल एक बुरी आदत नहीं, बल्कि गंभीर बीमारियों, आर्थिक परेशानी और सामाजिक चुनौती का कारण है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को तम्बाकू तथा निकोटिन की लत से बचाने के लिए मजबूत कानून, प्रभावी प्रवर्तन, जागरूकता और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। कार्यशाला में बिहार में COTPA 2003 को और प्रभावी बनाने के लिए राज्य स्तर पर आवश्यक संशोधन पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत बताई गई। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड की तरह बिहार में भी तम्बाकू नियंत्रण कानून को मजबूत करने से बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को तम्बाकू और निकोटिन की लत से बचाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम का आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा अलायंस फॉर टोबैको फ्री बिहार (AFTB) और सोसियो इकोनॉमिक एंड एजुकेशनल डेवलपमेंट सोसाइटी (सीड्स) के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में श्री दीपक मिश्रा, कार्यपालक निदेशक, सीड्स; डॉ. धीरेन्द्र नारायण सिन्हा, संयोजक, AFTB; बी.के. संजय भाई, राज्य कार्यक्रम समन्वयक, ब्रह्माकुमारीज सहित कई वक्ताओं ने विचार रखे।
इस अवसर पर माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सभी प्रतिभागियों को तम्बाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई। प्रतिभागियों ने तम्बाकू मुक्त समाज बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बिहार विधान सभा के माननीय उपाध्यक्ष श्री नरेन्द्र नारायण यादव, सत्तारूढ़ दल के माननीय मुख्य सचेतक श्री संजीव चौरसिया, माननीय सदस्यगण श्री राजकुमार राय, श्री रोमित कुमार, श्रीमती अनीता , श्रीमती छोटी कुमारी, श्रीमती सोनम रानी एवं सभा सचिवालय के पदाधिकारियों, कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से जुड़े स्वयंसेवक, सीड्स से जुड़े पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
3. ऑडिटोरियम में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर खुशीग्राम फाउंडेशन एवं रेडियंस मीडिया के तत्वावधान में “Beat The Heat” कार्यक्रम आयोजन
इस अवसर पर अपने संबोधन में माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौती का सामना कर रही है। बढ़ता तापमान, भीषण गर्मी, अनियमित वर्षा, जल संकट और प्राकृतिक आपदाओं की बढ़ती आवृत्ति हमें यह संकेत दे रही है कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखना अब केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व का प्रश्न बन गया है।
“Beat The Heat” का संदेश केवल गर्मी से बचने का संदेश नहीं है। यह जलवायु परिवर्तन के विरुद्ध सामूहिक चेतना का संदेश है। यह भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संदेश है। यह संदेश है कि विकास और पर्यावरण परस्पर विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि हम आज सही दिशा में कदम उठाएँगे, तो आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित, हरित और समृद्ध भविष्य दे सकेंगे। हम सब मिलकर एक ऐसे बिहार और भारत के निर्माण में योगदान दें, जहाँ विकास और पर्यावरण साथ-साथ आगे बढ़ें।
माननीय अध्यक्ष ने उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ० प्रभात चंद्र गुप्ता, मुख्य वन संरक्षक ने वृक्ष और तापमान वृद्धि से संबंधित पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन प्रदर्शित किया। बिहार राज्य जैव विविधता परिषद् के अध्यक्ष श्री भारत ज्योति ने पर्यावरण एवं जैवविविधता पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर बिहार विधान सभा के माननीय उपाध्यक्ष श्री नरेन्द्र नारायण यादव, माननीय सदस्यगण श्री राजकुमार राय, श्री रोमित कुमार, श्रीमती अनीता , श्रीमती छोटी कुमारी, श्रीमती सोनम रानी, मुख्य वन संरक्षक डॉ० प्रभात चंद्र गुप्ता, बिहार राज्य जैव विविधता परिषद् के अध्यक्ष श्री भारत ज्योति, पटना जू के निदेशक श्री हेमंत पाटिल एवं बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद् के पदाधिकारीगण तथा सभा सचिवालय के पदाधिकारियों, कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से जुड़े स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

