बिहार

बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने भाजपा के नव निर्वाचित विधान पार्षदों का किया अभिनंदन

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

पटना/ बिहार विधान परिषद की पांच सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा के नव निर्वाचित दो विधान पार्षदों का शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में अभिनंदन किया गया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि बड़े गर्व के साथ भाजपा बिहार विधान परिषद में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

भाजपा अध्यक्ष चौधरी ने नव निर्वाचित विधान पार्षद गया स्नातक क्षेत्र से निर्वाचित अवधेश नारायण सिंह और गया शिक्षक क्षेत्र से चुने गए जीवन कुमार का प्रदेश कार्यालय में स्वागत और अभिनंदन करते हुए उन्हें जीत के लिए बधाई दी।

उन्होंने मगध और शाहाबाद के शिक्षकगण और स्नातक बंधुओं का आभार जताते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से भाजपा आज विधान परिषद में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव में और 2025 के विधानसभा चुनाव में पुराने इतिहास को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रचेगी।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में श्री चौधरी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा संगठन आगे बढ़ने का काम कर रही है।

विधान पार्षद श्री चौधरी ने कहा कि कल ही भाजपा ने अपना स्थापना दिवस मनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दो सीट से 303 तक का सफर पूरा किया है और अब इसे और आगे बढ़ाना है।

उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री पर सियासी हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार से अब बिहार की जनता ऊब चुकी है और नीतीश भी थक चुके हैं। बिहार के लोग अब यह चर्चा करने लगे हैं कि नीतीश कुमार बीमार हैं और उन्हें इलाज की जरूरत है।

श्री चौधरी ने दावा करते हुए कहा कि आज जो परिस्थिति बन रही है उसमे भाजपा बिहार में मजबूत बनकर शीर्ष तक पहुंचने का काम करेगी।

संवाददाताओं के एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि विपक्ष में प्रधानमंत्री के कई उम्मीदवार है। ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव सहित कई नेता पीएम की उम्मीदवारी कर रहे है।

देश की जनता कमजोर और मिलीजुली सरकार तथा मजबूत सरकार का अंतर समझ चुकी है। आज देश मजबूत सरकार की कल्पना देख लिया है।

उन्होंने दावा करते हुए यह भी कहा कि बिहार में महागठबंधन छह दलों, सात दलों या 20 दलों का गठबंधन करे, भाजपा उसे हराने का काम करेगी।

इस प्रेस वार्ता में नव निर्वाचित विधान पार्षदों के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा, प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान पार्षद राजेंद्र गुप्ता, विधान पार्षद संतोष सिंह, अनिल शर्मा, निवेदिता सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अरविंद सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिंह और अशोक भट्ट उपस्थित रहे।