बिहार

लदनियां के पैक्स अध्यक्षों ने लिया धान खरीद के बहिष्कार का निर्णय

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

लदनियां से अमरनाथ यादव की रिपोर्ट

मधुबनी /लदनियां प्रखंड के पैक्स अध्यक्षों ने शनिवार को तेनुआही स्थित पैक्स गोदाम में एक बैठक देवकुमार यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में धान अधिप्राप्ति के सरकारी तौर तरीके एवं मनमानी का कड़ा प्रतिकार किया। कहा कि मील में धान की कुटाई के लिए प्रति क्विंटल मात्र दस रुपये दिया जाना, सिलाई व लोडिंग के लिए मात्र 8 . 84 रुपये दिया जाना, खरीदे गए धान का उसना चावल मांगा जाना, परिवहन खर्च मात्र 57 . 48 रुपये दिया जाना, नमी के नाम पर मीलर द्वारा प्रति क्विंटल पांच किलो काटा जाना, ग्यारह प्रतिशत सी सी ऋण का सूद काटा जाना, बीएसएफसी द्वारा सीएचआर का भुगतान विलंब से करना आदि सरकार की अदूरदर्शिता का परिचायक है। इससे पैक्सों का भारी नुकसान होता है।
सदस्यों ने कहा कि आगामी दस दिसम्बर तक सरकार इनकी मांगों पर विचार नहीं करेगी, तो पैक्सों द्वारा धान अधिप्राप्ति का सम्पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।
बैठक में सुरतिया कामत, बालेश्वर यादव, गणेश कुमार यादव, मिथिलेश कुमार, श्याम कुमल यादव, चन्द्रवीर, रामपरीक्षण कामत, प्रमोद कुमार प्रभाकर, शंभू नाथ यादव, रामदेव यादव, ब्रह्मदेव यादव, भागवत यादव, विन्देश्वर सिंह, दिलीप कुमार थे।
इधर धान की खरीदारी नहीं होने से किसानों में आक्रोश है। रबी की खेती के लिए मजबूर होकर किसानों को लोकल व्यापारियों के हाथों औने -पौने दाम पर धान बेचना पड़ रहा है।
हलांकि प्रखंड सहकारिता विभाग ने सरकारी स्तर पर धान की खरीद शुरू किये जाने का दावा किया है। बीसीओ कमलजीत कुमार ने बताया कि धान खरीद करने के लिए प्रखंड के 15 पैक्सों में से 10 पैक्सों को धान अधिप्राप्ति के आदेश दिये गए हैं, जिनमें शामिल सिधपा व बेलाही पैक्स ने अलग-अलग 140 क्विंटल  धान की खरीद की है। यानी दोनों पैक्सों ने कुल 280 क्विंटल धान की खरीद की है।
अन्य आठ पैक्सों में धान की खरीद शुरू की जानी है। इन पैक्सों में महथा, कुमरखत पूर्वी, कुमरखत पश्चिमी, डलोखर, एकहरी, पथराही, लक्ष्मीनियां व गजहरा शामिल हैं। बीसीओ ने बताया कि 15 फरवरी तक प्रखंड में धान की खरीद की जानी है। जिला से अभीतक खरीद के लक्ष्य का निर्धारण नहीं हो सका है। पैक्सों में धान बेचने के लिए प्रखंड के 479 किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। बीसीओ ने प्रखंड के किसानों से संबंधित पैक्स में धान देने का आग्रह किया है। सामान्य धान का मानक मूल्य 2040 रुपए व ए ग्रेड के धान का मूल्य 2060 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है। किसी भी प्रकार की कठिनाई पर शिकायत करने की भी अपील की गई है। प्रखंड के शेष पांच पैक्सों को भी धान खरीद के लिए लोन दिया जाएगा।

इधर किसानों ने बताया कि धान खरीद की धीमी गति से किसानों का भारी नुकसान हुआ है। किसानों ने दिवाली, छठ व रबी आच्छादन में आने वाले खर्चे की भरपाई में आधे से अधिक धान लोकल व्यापारियों के हाथों 1450 से 1500 रुपये प्रतिक्विंटल बेच दिए हैं।