हमारा संविधान, हमारा गौरव – यही हमारी पहचान, यही हमारी ताकत
संपादकीय
26 नवंबर सिर्फ एक तारीख नहीं है ये वो दिन है जब भारत ने खुद को एक संविधान दिया। एक ऐसा संविधान जिसने राजा-रंक, अमीर-गरीब, ऊंच-नीच सबको बराबर कर दिया।संविधान ने हमें सिर्फ अधिकार नहीं दिए, हमें कर्तव्य भी सिखाए। बोलने की आजादी दी, तो देश के प्रति जिम्मेदारी भी दी। वोट का अधिकार दिया, तो सही चुनने की समझ भी दी।
आज जब हम संविधान दिवस मना रहे हैं तो हमें खुद से एक सवाल पूछना चाहिए – क्या हम संविधान को सिर्फ किताब में रखकर भूल गए हैं, या उसे अपनी जिंदगी में उतारा भी है।संविधान की असली ताकत संसद या अदालत में नहीं आम आदमी के दिल में है। जब एक गरीब आदमी भी कहता है – मुझे मेरा हक चाहिए, तो समझिए संविधान जिंदा है। जब एक महिला अपने सम्मान के लिए आवाज उठाती है, तो समझिए संविधान जिंदा है।
हमारा संविधान हमारा गौरव इसलिए है क्योंकि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को इसी ने बांधकर रखा है। धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र सब अलग-अलग हैं, फिर भी हम एक हैं – सिर्फ संविधान की वजह से।आइए, इस संविधान दिवस पर हम संकल्प लें कि हम संविधान का सम्मान करेंगे, उसके मूल्यों की रक्षा करेंगे और आने वाली पीढ़ी को भी यही संस्कार देंगे।
क्योंकि संविधान बचेगा, तो देश बचेगा।
संविधान बचेगा, तो हमारा गौरव बचेगा।

