वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत जिले की सभी 384 पंचायतों में लगेंगे विशेष बैंकिंग कैंप
मधुबनी /वित्तीय समावेशन को और अधिक प्रभावी बनाने तथा केंद्र सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं बैंकिंग योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान 2026 चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले की सभी 384 पंचायतों में बैंकों के माध्यम से विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं से अब तक वंचित एवं छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर योजनाओं से आच्छादित किया जाएगा।
अभियान के सफल, सुचारु एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने जिला स्तरीय अधिकारियों, सभी अनुमंडल पदाधिकारियों तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वित्तीय समावेशन का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाओं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र लाभार्थी जानकारी के अभाव अथवा प्रक्रियागत कठिनाइयों के कारण योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
अभियान के तहत मुख्य रूप से प्रधानमंत्री जनधन योजना (PMJDY) के अंतर्गत खाता खोलने, निष्क्रिय जनधन खातों को पुनः सक्रिय करने, अटल पेंशन योजना (APY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) के अंतर्गत अब तक छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि दिनांक 11 नवंबर को सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने-अपने प्रखंड के संबंधित अधिकारियों एवं बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। प्रत्येक प्रखंड के अंतर्गत आने वाली पंचायतों के लिए कैंप आयोजन का पंचायतवार रोस्टर तैयार किया जाए। रोस्टर के अनुसार कैंपों का आयोजन सुनिश्चित करने के साथ इसकी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाए।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर कैंप आयोजन की पूर्व सूचना संबंधित पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, स्थानीय कर्मियों एवं आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी निर्धारित तिथि को कैंप में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठा सकें। इसके लिए स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता एवं लाभार्थियों को प्रेरित करने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से पुराने एवं निष्क्रिय बैंक खातों को सक्रिय करने पर बल देते हुए निर्देश दिया कि 10 वर्ष या उससे अधिक पुराने खातों की पहचान कर संबंधित खाताधारकों का केवाईसी (KYC) अद्यतन कराया जाए तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर खातों को पुनः सक्रिय करने की कार्रवाई की जाए। इसके लिए बैंक अधिकारियों को आवश्यक सहयोग एवं तत्परता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
शहरी क्षेत्र के लिए नगर भवन परिसर में लगेगा विशेष कैंप
~~~~~~~~~~~~~~
ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों को भी अभियान से जोड़ने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत आगामी 19 एवं 20 नवंबर को नगर भवन परिसर में बृहद कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप में विभिन्न बैंकों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे तथा बैंक अधिकारी उपस्थित रहकर लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि वास्तविक रूप से पात्र एवं छूटे हुए लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं बैंक अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कैंपों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें। साथ ही, कैंपों में प्राप्त आवेदनों एवं लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित किए जाने की प्रगति पर भी नियमित निगरानी रखी जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान का मूल उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। इसके लिए सभी पदाधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करें।

