बांका में निगरानी का बड़ा एक्शन 75 हजार घूस लेते BDO रंगे हाथ गिरफ्तार
न्यूज डेस्क
बांका/बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में विजिलेंस टीम ने बांका जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फुल्लीडुमर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अमित प्रताप सिंह को ₹75,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि फुल्लीडुमर प्रखंड के एक लाभुक ने प्रधानमंत्री आवास योजना में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि BDO अमित प्रताप सिंह इस काम के एवज में उससे 75 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे।
लाभुक ने इसकी शिकायत भागलपुर निगरानी विभाग से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाया गया।
ऐसे बिछाया जाल
निगरानी विभाग ने एक विशेष टीम का गठन किया और बुधवार को जाल बिछाया। जैसे ही लाभुक ने BDO को उनके कार्यालय में 75 हजार रुपये दिए, पहले से घात लगाए बैठी विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।
नोटों पर पहले से केमिकल लगा हुआ था, जिसे हाथ में लेते ही BDO के हाथ रंग गए। टीम ने उन्हें वहीं से हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए भागलपुर ले गई।
जिले में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद बांका जिले के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। लोग निगरानी विभाग की इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।
निगरानी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि BDO के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विभाग ने साफ कहा है कि बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है और घूसखोर अधिकारियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

