संयुक्त कार्रवाई में ट्रैक्टर के स्पेयर पार्ट्स जब्त दो व्यक्ति गिरफ्तार
न्यूज डेस्क
मधुबनी/48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के एफ समवाय की सीमा चौकी बेतौन्हा एवं सीमा शुल्क जयनगर की संयुक्त गश्ती टीम द्वारा प्राप्त आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेज के नेपाल ले जाए जा रहे ट्रैक्टर के विभिन्न स्पेयर पार्ट्स को जब्त किया गया तथा दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
दिनांक 02 सितंबर 2026 को लगभग 10:55 बजे, संयुक्त गश्ती टीम द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 268/15 से लगभग 200 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में बेतौन्हा गांव स्थित पानी टंकी के पास एक बैटरी रिक्शा पर ट्रैक्टर के विभिन्न स्पेयर पार्ट्स लादकर मोटरसाइकिल से नेपाल की ओर जा रहे दो व्यक्तियों को रोका गया।
पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्तियों से उक्त सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन उनके द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके पश्चात बैटरी रिक्शा पर लदे विभिन्न प्रकार के ट्रैक्टर स्पेयर पार्ट्स एवं बैटरी रिक्शा को विधिवत जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान नवीन कुमार यादव, उम्र 42 वर्ष, पुत्र स्व. मुसहर यादव, निवासी अरहा, थाना जयनगर, जिला मधुबनी, बिहार तथा सतेन्द्र यादव, उम्र 45 वर्ष, पुत्र स्व. रामस्वरूप यादव, निवासी धोलिटोल, थाना जयनगर, जिला मधुबनी, बिहार के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों व्यक्तियों द्वारा बताया गया कि वे जयनगर, भारत से ट्रैक्टर के स्पेयर पार्ट्स खरीदकर नेपाल के सिरहा क्षेत्र में नेपाली दुकानदारों को खुदरा रूप में बेचने का कार्य करते हैं।
जब्त किए गए ट्रैक्टर के विभिन्न स्पेयर पार्ट्स, एक बैटरी रिक्शा एवं एक मोटरसाइकिल तथा दोनों गिरफ्तार व्यक्तियों की आवश्यक जब्ती एवं गिरफ्तारी संबंधी कार्रवाई पूर्ण कर सीमा शुल्क जयनगर को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु सुपुर्द किया जा रहा है।
इस अवसर पर श्री राजेंद्र कुमार, कमांडेंट, 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध व्यापार, तस्करी एवं बिना वैध दस्तावेज के सामान के आवागमन को रोकने के लिए सशस्त्र सीमा बल द्वारा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आसूचना आधारित कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर द्वारा भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ सीमा क्षेत्र में अवैध आवागमन एवं तस्करी की रोकथाम हेतु लगातार गश्त, निगरानी एवं संयुक्त कार्रवाई की जा रही है।

