मनोरंजन

10 अगस्त को पटना में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने प्रेस वार्ता में अभियान की तैयारियों एवं कार्यक्रमों की दी जानकारी

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

पटना/ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिहार सरकार द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान–2026’ का व्यापक आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत 10 अगस्त 2026 को पटना में भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली जाएगी।
इसी संबंध में  मंत्री कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार डॉ. प्रमोद कुमार ने आज मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता की। अपने संबोधन में उन्होंने ‘हर घर तिरंगा अभियान–2026’ के तहत राज्यभर में आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों, पटना में प्रस्तावित तिरंगा यात्रा तथा कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की।

मंत्री ने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक जिले एवं प्रखंड स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके तहत राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता एवं वितरण के साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक संस्थानों में आम नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के दौरान तिरंगा रैली/यात्रा, ‘सेल्फी विद तिरंगा’, तिरंगा थीम पर आधारित प्रकाश सज्जा, तिरंगा रंगोली तथा ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हर प्रखंड को 4 हजार तिरंगे झंडे उपलब्ध कराए जाएंगे। तिरंगे झंडों की आपूर्ति जीविका के माध्यम से की जाएगी।

10 अगस्त को पटना में भव्य तिरंगा यात्रा
बिहार सरकार द्वारा 10 अगस्त 2026, सोमवार को पटना में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में यह यात्रा प्रातः 10:00 बजे जे.पी. गोलंबर से प्रारंभ होकर कारगिल चौक तक जाएगी।
माननीय मंत्री ने कहा कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का उत्सव है। भारत का तिरंगा करोड़ों भारतीयों के त्याग, बलिदान, संघर्ष और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य इसी राष्ट्रीय भावना को जन-जन तक पहुंचाना और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना है।

कार्यक्रम की मुख्य जानकारी
दिनांक: 10 अगस्त 2026, सोमवार
समय: प्रातः 10:00 बजे
नेतृत्व: माननीय मुख्यमंत्री, बिहार
मार्ग: जे.पी. गोलंबर → कारगिल चौक, पटना
सभी माननीय मंत्रीगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहेंगे

तिरंगा यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां
माननीय मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण /किया जा चुका है तथा पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग एवं तिरंगा थीम पर सजावट की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से रूट सैनिटाइजेशन, पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन निकासी की समुचित व्यवस्था की गई है।

अधिक से अधिक जनभागीदारी का आह्वान
माननीय मंत्री ने बिहारवासियों से अपील की कि वे 10 अगस्त को आयोजित तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जन-आंदोलन बनाने में अपना योगदान दें।
उन्होंने नागरिकों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
माननीय मंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मीडिया की सकारात्मक भूमिका से अभियान को और अधिक प्रभावी एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाया जा सकेगा।

‘हर घर तिरंगा – हर दिल तिरंगा’ के संदेश के साथ बिहार सरकार का यह अभियान राष्ट्रीय एकता, गौरव और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।