रहिका में बड़ी कार्रवाई, बगीचे से 3 हजार बोतल नेपाली देसी शराब बरामद
अजय कुमार ठाकुर की रिपोर्ट
मधुबनी/ रहिका थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदर नगर में पुलिस ने देर रात सघन गश्ती अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बगीचे से करीब 3 हजार बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की है। हालांकि इस कार्रवाई में किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस ने बरामद शराब को अपने कब्जे में लेकर थाना लाया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रहिका थाना अध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम रात्रि गश्ती पर निकली थी। इसी दौरान सुंदर नगर स्थित एक बगीचे में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी की। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही शराब तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। तलाशी के दौरान बगीचे में छिपाकर रखी गई लगभग तीन हजार बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की गई।
इस अभियान में थाना अध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप के साथ पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार सिंह एवं मोनू राय सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे। बरामद शराब को जब्त कर थाना लाया गया है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किसकी है तथा इसे कहां से लाकर यहां छिपाया गया था।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब की यह खेप बिहार में अवैध कारोबार के उद्देश्य से लाई गई थी। फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रहिका थाना अध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। किसी भी स्थिति में शराब तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा फरार तस्करों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

