बिहारसंस्कृति

सावन की पहली सोमवारी कपिलेश्वर स्थान में उमड़ा आस्था का सैलाब रात 2 बजे खुले कपाट लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक प्रशासनिक व्यवस्था रही चाक-चौबंद

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

अजय कुमार ठाकुर की रिपोर्ट 

 

मधुबनी/सावन माह की पहली सोमवारी पर रहिका प्रखंड स्थित मिथिला के प्रसिद्ध बाबा कपिलेश्वर नाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह होने से पहले ही हजारों-लाखों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंच गए और भगवान शिव के दर्शन कर जलाभिषेक किया।

कमला नदी का जल लेकर पहुंचे शिवभक्त
श्रद्धालुओं ने जयनगर की पवित्र कमला नदी से जल भरकर पैदल और वाहनों से बाबा कपिलेश्वर धाम पहुंचे। विधि-विधान से जलाभिषेक के बाद सभी ने परिवार की सुख-समृद्धि और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर सुबह से ही हर-हर महादेव  के जयकारों से गूंजता रहा।

रात 2 बजे खुले कपाट, लंबी कतारें
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रात करीब 2 बजे ही मंदिर के कपाट खोल दिए। इसके बाद श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के माध्यम से व्यवस्थित कतारों में प्रवेश कराया गया। घंटों की लंबी लाइन के बावजूद श्रद्धालुओं में भक्ति और उत्साह बना रहा। सभी ने शांतिपूर्वक अपनी बारी का इंतजार कर बाबा का दर्शन किया।

सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम
भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। मंदिर मार्ग, मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए।

सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सदर एसडीएम चंदन झा, एएसपी मुख्यालय रश्मि और रहिका थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप देर रात से ही पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा पेयजल, चिकित्सा शिविर, शौचालय और भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की गई थी।

प्रशासन और मंदिर समिति के समन्वय से जलाभिषेक शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्था की सराहना की।