SSB ने कार्रवाई करते हुए ₹50,150 की संदिग्ध नकली भारतीय मुद्रा बरामद दो गिरफ्तार
सुरेंद्र कुमार शर्मा
मधुबनी/बासोपट्टी थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नकली भारतीय मुद्रा (FICN) के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), जयनगर को बड़ी सफलता मिली है। एसएसबी, बिहार पुलिस, बिहार एसटीएफ और बिहार पुलिस एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में ₹50,150 मूल्य की संदिग्ध नकली भारतीय मुद्रा (FICN), 02 मोबाइल फोन बरामद किए गए है जबकि दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसबी को सूचना मिली थी कि बासोपट्टी थाना क्षेत्र के दुहबी बाजार स्थित एक दुकान के माध्यम से नकली भारतीय मुद्रा इकट्ठा कर जयनगर, बासोपट्टी, मधुबनी एवं आसपास के बाजारों में खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसएसबी, बिहार पुलिस, बिहार एसटीएफ एवं एसओजी की संयुक्त टीम का गठन किया गया। संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सुरक्षा बलों की तत्परता से दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उनके बैग से बड़ी मात्रा में संदिग्ध नकली भारतीय मुद्रा और दो मोबाइल फोन बरामद हुए

