SSB ने कंकड़बाग में शहीद किशोर कुणाल को दी श्रद्धांजलि लगाया निशुल्क चिकित्सा शिविर
शंभू कुमार गुप्ता
पटना/ सशस्त्र सीमा बल के सीमांत मुख्यालय पटना और 40 वाहिनी के जवानों ने शहीद सहायक कमांडेंट किशोर कुणाल की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम किशोर कुणाल पार्क, कंकड़बाग में आयोजित किया गया।शहीद किशोर कुणाल पटना जिले के निवासी थे। उन्होंने 15 जुलाई 2010 को असम के बोगाईगांव जिले में पानबाड़ी के पास NDFB उग्रवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। कार्यक्रम में स्मृति परेड कर शहीद को सलामी दी गई। इस दौरान शहीद के माता-पिता एवं परिजनों की उपस्थिति ने माहौल को भावुक कर दिया। परिजनों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता निशीत कुमार उज्ज्वल, भा.पु.से., महानिरीक्षक, SSB सीमांत मुख्यालय पटना ने की। उन्होंने बल के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद किशोर कुणाल का बलिदान राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। IG ने शहीद के माता-पिता से भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर IG और शहीद के परिजनों द्वारा पौधरोपण भी किया गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ-साथ सीमांत मुख्यालय द्वारा निशुल्क मानव चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। शिविर में SSB के चिकित्सकों ने स्थानीय नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाओं का वितरण किया।
कार्यक्रम में उप-महानिरीक्षक श्री के. रंजीत, श्री मुकेश कुमार, डॉ. एस. के. राय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जवान और आमजन उपस्थित थे।

