भारत-नेपाल सीमा पर 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की बड़ी सफलता, 215 मोबाइल डिस्प्ले एवं एक स्कूटी जब्त
न्यूज डेस्क
मधुबनी/48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB), जयनगर के कमांडेंट के निर्देशन में भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।
दिनांक 20 जून 2026 को प्रातः लगभग 06:45 बजे, एफ कंपनी कमला की पेट्रोलिंग पार्टी ने प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 270/15 से लगभग 30 मीटर भारतीय क्षेत्र, अखौना गांव के समीप एक स्कूटी सवार संदिग्ध व्यक्ति को भारत से नेपाल की ओर जाते हुए रोकने का प्रयास किया। पेट्रोलिंग पार्टी को देखकर उक्त व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क जवानों ने उसे घेरकर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान स्कूटी पर रखे सफेद रंग के थैले से कुल 215 मोबाइल डिस्प्ले बरामद किए गए, जिनमें 206 मेटू (Metoo) मोबाइल डिस्प्ले, 4 आईफोन 13 प्रो मैक्स डिस्प्ले, 2 G5 XR डिस्प्ले, 2 GX डिस्प्ले तथा 1 स्क्रीन असेंबली शामिल हैं। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त यामाहा स्कूटी (पंजीकरण संख्या BR32 BF 2522) भी जब्त की गई।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान विकाश कुमार महतो (21 वर्ष), निवासी फुलवरिया (जनजनंदनी), वार्ड संख्या 06, थाना खजुरी, जिला धनुषा, नेपाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में वह मोबाइल डिस्प्ले को भारत से नेपाल ले जाने का कार्य एक कूरियर के रूप में कर रहा था।
बरामद सामान, जब्त स्कूटी एवं गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक जब्ती एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई पूर्ण कर आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु सीमा शुल्क विभाग (LCS), जयनगर को सुपुर्द किया जा रहा है।

