ड्यूटी से लौट रहे 3 दारोगाओं की मौत ट्रक ने मारी टक्कर पुलिस महकमे में शोक
सुरेंद्र कुमार
बेगूसराय /बिहार के बेगूसराय जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एक भीषण सड़क हादसे में बिहार पुलिस के 3 दारोगाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, तीनों दारोगा बुधवार देर रात ड्यूटी खत्म कर निजी कार से लौट रहे थे। NH-31 पर बछवाड़ा थाना क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी कार में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीनों अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले दारोगाओं के नाम अभी आधिकारिक रूप से जारी नहीं किए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों बेगूसराय जिले के अलग-अलग थानों में पदस्थापित थे और एक साथ स्पेशल ड्यूटी से लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही SP बेगूसराय, DSP और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
बिहार पुलिस एसोसिएशन ने घटना पर गहरा दुख जताया है। वरीय अधिकारियों ने कहा कि विभाग ने तीन कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी खो दिए। यह अपूरणीय क्षति है।
ट्रक ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। बछवाड़ा थाना में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बिहार के DGP ने तीनों दारोगाओं की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सभी लाभ दिए जाएंगे। विभाग शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।
NH-31 पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। लोगों ने ट्रकों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की है।

