बाल श्रम उन्मूलन के लिए सामूहिक संकल्प, शिक्षा विभाग के कर्मियों ने ली शपथ
न्यूज डेस्क
पटना /विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर आज शिक्षा विभाग के मदन मोहन सभागार में विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने बाल श्रम के विरुद्ध शपथ ग्रहण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों के शिक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना था।
इस अवसर पर निदेशक (प्रशासन) श्री मनोरंजन कुमार ने विभाग के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाल श्रम उन्मूलन की शपथ दिलाई।
शपथ के दौरान सभी कर्मियों ने संकल्प लिया कि वे किसी भी रूप में बाल श्रम का समर्थन नहीं करेंगे, न ही उसे बढ़ावा देंगे। उन्होंने यह भी प्रतिज्ञा की कि अपने व्यक्तिगत एवं पेशेवर जीवन में 14 वर्ष से कम आयु के किसी भी बच्चे से श्रम कार्य नहीं कराएंगे तथा समाज में बाल श्रम के विरुद्ध निरंतर जन-जागरूकता फैलाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानपूर्ण बचपन का अधिकार है। बाल श्रम न केवल बच्चों के भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि समाज और राष्ट्र के समग्र विकास में भी बाधक बनता है। इसे समाप्त करने के लिए सरकार के साथ-साथ समाज के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
अंत में सभी प्रतिभागियों ने राज्य को बाल श्रम मुक्त बनाने हेतु पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया। शिक्षा विभाग ने बाल अधिकारों की रक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

