शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार 15.6 लीटर नेपाली शराब बरामद
न्यूज डेस्क
मधुबनी/लदनियां थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 15.6 लीटर नेपाली देशी शराब बरामद की गई है।
बी समवाय मरनैया 18वीं वाहिनी एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक सुखवीर सिंह के नेतृत्व में विशेष नाका ड्यूटी के दौरान 9 जून 2026 की शाम सीमा स्तंभ संख्या 260/17 के पास गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति नेपाल से शराब लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर नाकाबंदी की गई।
करीब 8 बजे दो संदिग्ध व्यक्ति प्लास्टिक का बोरा लेकर आते दिखाई दिए। सुरक्षा बल को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन एसएसबी जवानों ने पीछा कर भारतीय क्षेत्र के मरनैया गांव के समीप उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्तियों ने अपनी पहचान रामपुकार साफी (38 वर्ष) एवं संतोष कुमार ठाकुर (32 वर्ष), दोनों निवासी महुलिया थाना लदनियां, जिला मधुबनी के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके पास से नेपाल निर्मित 52 बोतल देशी शराब (कुल 15.6 लीटर) बरामद हुई, जिसमें स्नोफॉल एवं ड्यू पेन व्हाइट ब्रांड की शराब शामिल है।
एसएसबी ने शराब को जब्त कर दोनों तस्कर को गिरफ्तार कर लिया तथा लदनियां थाना को सौंप दिया। इस मामले में लदनियां थाना कांड संख्या 245/26 दर्ज कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया।

