ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद का दावा गोलीबारी का झूठ फैलाया गया, मुझे फंसाने की साजिश
राजकुमार यादव
पटना /खान सर की कोचिंग पर हमले के मामले में गिरफ्तार ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद ने पुलिस हिरासत में बड़ा बयान दिया है। पुलिस वाहन में ले जाए जाने के दौरान उन्होंने कहा, पहले झूठ फैलाया गया कि गोली चली है। अब सच्चाई सामने आ रही है। सिपाही भर्ती परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद मेरे खिलाफ और ज्ञान बिंदु को बर्बाद करने की साजिश रची जा रही है। मुझे जानबूझकर फंसाया जा रहा है।
रोशन आनंद के आरोप
रोशन आनंद ने कहा कि शुरुआत में गोलीबारी की बात कहकर माहौल बनाया गया, जबकि बाद में पुलिस ने खुद फायरिंग की पुष्टि नहीं की। उनका आरोप है कि सिपाही भर्ती परीक्षा के 19,838 पदों का रिजल्ट 27 मई को आने के बाद उनके खिलाफ सुनियोजित साजिश शुरू हुई। केवल मुझे ही नहीं, ज्ञान बिंदु कोचिंग को भी बदनाम और बर्बाद करने की कोशिश हो रही है।
खान सर का पक्ष
इससे पहले खान सर आरोप लगा चुके हैं कि उनके संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज के बेहतर रिजल्ट और कम फीस की वजह से कुछ लोग नाराज थे। मंगलवार रात मुसल्लहपुर स्थित कोचिंग पर हुए हमले के पीछे उन्होंने ‘कोचिंग माफिया’ का हाथ बताया था। हमले में कोचिंग के गार्ड चुनचुन गंभीर रूप से घायल हुए थे। खान सर ने 10 राउंड फायरिंग का दावा किया था।
पुलिस का रुख
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने घटना को कोचिंग संस्थानों के बीच आपसी प्रतिस्पर्धा का नतीजा बताया है। पुलिस ने गेट तोड़ने की पुष्टि की है, लेकिन फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है।
आमने-सामने आरोप
फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के आरोप आमने-सामने हैं। एक तरफ खान सर अपने संस्थान पर हमले के पीछे प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संचालकों का हाथ बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ गिरफ्तार रोशन आनंद इसे अपने और ज्ञान बिंदु के खिलाफ रची गई साजिश करार दे रहे हैं।
पुलिस जांच फॉरेंसिक सबूत और कानूनी प्रक्रिया से ही सच्चाई सामने आएगी। अब पूरे बिहार की नजर इस हाई-प्रोफाइल कोचिंग विवाद पर टिकी है।

