बिहार

शेखपुरा में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का शिलान्यास जल्द ही किया जायेगा: मुख्यमंत्री।। 2. 22 हजार एकड़ जमीन में ‘तिरहुत’ नाम से नई सैटेलाइट टाउनशिप बनेगी : मुख्यमंत्री

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

राजकुमार यादव 

पटना/ मुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी आज शेखपुरा जिला के बरबीघा प्रखंड अंतर्गत सामस बुजुर्ग पंचायत में ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ के तहत जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान हेतु आयोजित ‘सहयोग शिविर’ कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर ‘सहयोग शिविर’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी श्री शेखर आनंद ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

सात निश्चय योजना-3 का अवयव ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ के संकल्प को धरातल पर उतारने एवं जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु 19 मई 2026 से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को बिहार के सभी पंचायतों में ‘सहयोग शिविर कार्यक्रम’ का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर में आवेदनों की प्राप्ति एवं निष्पादन हेतु पंचायती राज विभाग, ऊर्जा विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, खाद एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, गृह विभाग, समाज कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग के साथ ही लाभार्थी एवं अन्य हितधारकों से संबंधित लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। स्टॉल अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने शिविर कार्यक्रम में आए लोगों की समस्याएं स्वयं सुनी तथा उनका आवेदन लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की संख्या, आवेदनों के निष्पादन की स्थिति, लंबित और अस्वीकृत आवेदन के कारण आदि के संबंध में पूरी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान शेखपुरा जिला अंतर्गत 50 करोड रुपए से अधिक की लागत की 62 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 51 योजनाओं का उद्घाटन तथा 11 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर से संबंधित आवेदकों के प्राप्त आवेदनों का निष्पादन पत्र/लाभ वितरण-बंदोबस्ती पर्चा, राशन कार्ड, शौचालय निर्माण हेतु स्वीकृत राशि का सांकेतिक चेक, आयुष्मान कार्ड आदि लाभुकों को प्रदान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान तथा उनके शिकायतों का निष्पादन उनके घरों में ही हो सके, यही सहयोग शिविर कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। हमलोगों ने इस कार्यक्रम के माध्यम से यह तय किया है कि लोगों को उचित न्याय के लिए कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े और उन्हें दूर नहीं जाना पड़े। स्वयं सरकार और सभी पदाधिकारी लोगों के बीच उपस्थित होकर सहयोग शिविर कार्यक्रम के माध्यम से आपकी समस्याओं का समाधान करेंगे। आज हम यहां भगवान विष्णु के मंदिर भी गए थे। पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने विष्णु धाम मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू कराया था। हम आप सभी को आश्वस्त करते हैं कि विष्णु धाम मंदिर के सौंदर्गीकरण और मंदिर निर्माण में जितनी भी धनराशि की आवश्यकता होगी सरकार उपलब्ध करायेगी। बिहार में सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का काम सरकार निरंतर कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं को उनके घर में ही कैसे निष्पादित किया जाये इसकी रूपरेखा तय कर सहयोग शिविर कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। मुझे जो रिपोर्ट दी गई है उसके अनुसार यहां कल तक प्राप्त आवेदनों में से लगभग 91 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। आवेदकों को बासगीत पर्चा, शौचालय निर्माण हेतु स्वीकृत राशि का सांकेतिक चेक, आयुष्मान कार्ड, आदि प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं बिहार के सभी 14 करोड़ लोगों को आश्वस्त करता हूं कि

सहयोग शिविर कार्यक्रम के जरिए आपकी समस्याओं का समाधान होगा। अब आपको कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। इस व्यवस्था को शीघ्र ही नगर निकायों में भी शुरू किया जाएगा। बिहार के सभी पंचायतों में सहयोग शिविर कार्यक्रम प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर का मकसद लोगों की समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ उन्हें बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराना है। सरकार की नीति स्पष्ट है कि आवेदन प्राप्ति के 10 दिन के अंदर यदि कोई कार्रवाई नहीं होती है तो 11वें दिन संबंधित पदाधिकारी को मुख्यमंत्री कार्यालय से पहला नोटिस निर्गत किया जाता है। उसके बाद 20 दिन तक आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो 21वें दिन दूसरा नोटिस और 25वें दिन तीसरा नोटिस निर्गत किया जाता है ताकि समय सीमा के अंदर आवेदन का निष्पादन किया जा सके। यदि 30 दिनों के अंदर भी आवेदन का निष्पादन नहीं किया जाता है तो संबंधित पदाधिकारी स्वतः निलंबित हो जाते है, ऐसी व्यवस्था बनाई गई है। इस प्रकार की व्यवस्था देश में पहली बार बनी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भारत को विकसित बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी का सपना बिहार को समृद्ध बनाना है। उनके सपनों को साकार करने का काम हमारी सरकार कर रही है। बिहार के सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल स्थापित करने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। मॉडल स्कूल के रूप में हम ऐसी व्यवस्था खड़ी कर रहे हैं ताकि नेताओं और पदाधिकारी के बच्चे भी उसमें नामांकन कराने के लिए लालायित रहें। शिक्षा और ज्ञानार्जन से लोगों को मुख्य धारा में लाया जा सकता है, बिहार की समृद्धि का यही महत्वपूर्ण मार्ग है। शॉर्टकट अपनाने वालों या गैरकानूनी रास्ता अख्तियार कर आगे बढ़ने का मनसूबा पालने वालों को शेखपुरा, मुंगेर या बेउर जेल में जाना पड़ता है। मैं जिस तारापुर से विधायक बना हूं, वहां से आजादी के बाद वर्ष 1952 में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्री कृष्ण सिंह जी पहली बार विधायक बने थे। उस समय उनके विधानसभा क्षेत्र में तारापुर और खड़गपुर भी शामिल था। श्री बाबू के जो अधूरे सपने हैं उनको पूरा करने की दिशा में हमारी सरकार काम कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने भी श्री बाबू के काम को आगे बढ़ाकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा लोगों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने का काम शुरू किया। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने कहा कि हम घर-घर तक बिजली पहुंचाएंगे। इसके तहत बिहार के हर इच्छुक परिवार को बिजली कनेक्शन मुहैया कराया गया। बिहार में घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट निःशुल्क बिजली मुहैया कराई जा रही है। अब प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना को बिहार में धरातल पर उतारना है। इस योजना के माध्यम से सरकार, लोगों के घरों की छतों पर सोलर प्लेट लगाने की दिशा में तैयारी कर रही है ताकि अगले 20 सालों तक लोगों को निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज स्थापित रहे, यह सरकार की प्राथमिकता है। पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने न्याय के साथ विकास और जन कल्याण का काम किया। भारत विकसित हो और बिहार समृद्ध हो इस दिशा में हम लोग काम कर रहे हैं। शेखपुरा जिला क्षेत्रफल में छोटा है और यह मुंगेर का ही पार्ट रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेवारियों का निर्वहन कर रही है ताकि राज्य में हर सूरत-ए-हाल में कानून व्यवस्था कायम रहे। कुछ लोग अपराधियों में भी जाति-धर्म ढूंढ रहे हैं। पुलिस किसी की जाति और धर्म देखकर कार्रवाई नहीं कर रही है, जो भी अपराध करेंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। लोकतंत्र में जनता मालिक है और हम सभी सेवक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखपुरा जिले की जो भी समस्याएं हैं उनको दूर करने की दिशा में काम जारी है। यहां बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई है। मैं आप सभी को आश्वस्त करता हूं कि जब भी अगली बार शेखपुरा जिला का मेरा दौरा होगा, यहां मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का शिलान्यास किया जाएगा। हमलोग अनुमंडल अस्पतालों और जिला अस्पतालों से बेवजह मरीजों के रेफर करने की परंपरा को खत्म करने के लिए व्यवस्था खड़ी कर रहे हैं। 15 अगस्त तक इस पर पूरी तरह पाबंदी लग जायेगी। गंभीर मरीजों को इलाज के लिए पी०एम०सी०एच० या अन्य बड़े सरकारी अस्पतालों में रेफर किया जा सकता है लेकिन सामान्य मरीजों को बेवजह अगर कोई चिकित्सक अनुमंडल या जिला अस्पताल से पी०एम०सी०एच० या अन्य बड़े सरकारी अस्पतालों में रेफर करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने में स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार जी लगे हुए हुए है। हैं। शिक्षकों के ट्रांसफर की प्रक्रिया की दिशा में भी काम जारी है। जून माह में ही महिला शिक्षकों को उनके पंचायत के पास वाले पंचायत में तथा पुरुष शिक्षकों को उनके प्रखंड के पास वाले प्रखंड के किसी विद्यालय में पदस्थापित कर दिया जाएगा। शिक्षकों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो और हमारे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण ससमय शिक्षा मिले, यह हमारी कोशिश है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के 11 जिलों में टाउनशिप विकसित किया जा रहा है इस दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले साल शेखपुरा और बरबीघा के बीच नया टाउनशिप भी विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। बक्सर और भागलपुर के बीच एक नई सड़क बननी है जिसकी विजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। यह सड़क बक्सर-जगदीशपुर (भोजपुर) अरवल जहानाबाद- नालंदा-राजगीर-शेखपुरा-जमुई होते हुए भागलपुर तक जाए ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है। सात निश्चय योजना-3 के तहत तय विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है। हमलोग इस प्रकार से विकास कार्य कर रहे हैं ताकि भारत विकसित हो और बिहार समृद्ध हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जिन महिला बहनों को रोजगार शुरू करने हेतु राशि प्राप्त नहीं हुई है वह तत्काल आवेदन करें उन्हें एक माह के अंदर उनके अकाउंट में राशि भेजी जाएगी। बिहार में कृषि के साथ-साथ पशुपालन को भी बढ़ावा मिले इसके लिए अगले वित्तीय वर्ष तक 25 लाख लोगों को अनुदानित दर पर गोपालन हेतु अनुदानित राशि उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है ताकि कृषक पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने के साथ ही दूध उत्पादन में भी वृद्धि हो। सहयोग शिविर कार्यक्रम में कल तक कुल 3800 लोगों के आवेदन प्राप्त हुए थे, जिन में से 3500 से अधिक आवेदनों का निष्पादन

किया जा चुका है। आज जो भी आवेदन प्राप्त होंगे, उनका निष्पादन अगले 30 दिनों के अंदर कर दिया जाएगा। मैं सहयोग शिविर कार्यक्रम में उपस्थित आप सभी लोगों का अभिनंदन एवं स्वागत करता हूं।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ, प्रतीक चिन्ह, अंग वस्त्र एवं फूलों की बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व बरबीघा प्रखंड के सामस बुजुर्ग पंचायत स्थित विष्णु धाम मंदिर में दर्शन कर राज्य की सुख शांति एवं समृद्धि की कामना की। विष्णु धाम मंदिर प्रबंधन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ, प्रतीक चिन्ह एवं फूलों की माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड द्वारा विष्णु धाम मंदिर परिसर में कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने साइट प्लान एवं प्रस्तावित मॉडल के माध्यम से मंदिर प्रांगण में कराए जा रहे, विकास कार्यों की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। इसके तहत मंदिर परिसर में 11 कमरों का निर्माण, प्रसाद दुकान का निर्माण, शौचालय, गेस्ट हाउस का जीर्णोद्धार, ओपन ग्राउंड मेला स्थल का सौंदर्गीकरण, पार्किंग, तालाब की साफ-सफाई, परिक्रमा पथ का विकास, चहारदीवारी का निर्माण एवं अन्य विकास कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री सह शेखपुरा जिले की प्रभारी मंत्री डॉ० श्वेता गुप्ता, सांसद श्री शंभू शरण पटेल, विधायक श्री रणधीर कुमार सोनी, विधायक डॉक्टर कुमार पुष्पंजय, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती निर्मला सिंह, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेंदर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव श्री जय सिंह, आयुक्त मुंगेर प्रमंडल श्री प्रेम सिंह मीणा, जिलाधिकारी श्री शेखर आनंद, पुलिस अधीक्षक श्री बलिराम कुमार चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरीय अधिकारी तथा सहयोग शिविर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल आमजन उपस्थित थे।

 

2.22 हजार एकड़ जमीन में ‘तिरहुत’ नाम से नई सैटेलाइट टाउनशिप बनेगी : मुख्यमंत्री

 

पटना/ मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी आज मुजफ्फरपुर जिला के मोतीपुर

प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोसाईंपुर में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर में समस्याओं/शिकायतों के समाधान के लिए आए आमलोगों से मिले। मुख्यमंत्री ने आवेदन देखा-पढ़ा, लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान के निर्देश दिये। सहयोग शिविर के निरीक्षण के दौरान लोगों से बात की, उनका हालचाल जाना और स्थानीय समस्याओं के बारे में भी बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल से मुजफ्फरपुर जिला के लिए 288.16 करोड़ की 109 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने 6733 स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों को जीविकोपार्जन हेतु 101 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। साथ ही मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, वासगीत गृह स्थल पर्चा, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर योजना, मनरेगा बकरी शेड, श्रम कार्ड, राशन कार्ड एवं जन्म प्रमाणपत्र के लाभुकों लाभुकों को प्रमाणपत्र प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को जिलाधिकारी ने हरित पौधा तथा जनप्रतिनिधियों ने प्रतीक चिह्न, अंगवस्त्र एवं फूलों की बड़ी माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम के शुभारंभ के पश्चात् अपने संबोधन में कहा कि आपके जिला के मोतीपुर प्रखंड की परसौनी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में आपके बीच आने का मौका मिला है। इस शिविर में समस्या के समाधान के लिए आए लोगों के आवेदन को मैंने देखा और समाधान का निर्देश दिया है। सहयोग

शिविर में मुजफ्फरपुर जिला में अबतक 10 हजार आवेदन आए हैं जिसमें लगभग 90 प्रतिशत लोगों के आवेदन का निष्पादन जिला प्रशासन ने कर दिया है। ये बहुत खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि यह सहयोग शिविर जनता का कार्यक्रम है। इसमें समस्याओं का समाधान करना हमारा मकसद है। सभी जगहों से जानकारी मिल रही है कि अभी तक जो आवेदन आ रहे हैं उसका निष्पादन हुआ है और कुछ के निष्पादन के लिए तेजी से कार्य चल रहे हैं। हमने समस्याओं के समाधान के लिए टाइम फ्रेम निर्धारित कर दिया है। अगर 10 दिन में समस्याओं के समाधान के लिए कुछ नहीं किया गया तो 11वें दिन मुख्यमंत्री कार्यालय से पहला नोटिस जाएगा। 20 दिन तक नहीं कोई कार्रवाई हुई तो 21वें दिन दूसरा नोटिस जाएगा और उसके बाद 25 दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई तो 26वें दिन तीसरा नोटिस जाएगा और 30वें दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई तो 31वें दिन संबंद्ध पदाधिकारी को मुख्यमंत्री कार्यालय से निलंबन का नोटिस जाएगा। पूरे प्रशासनिक तंत्र को इससे अवगत करा दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा है और पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी ने समृद्ध बिहार का सपना देखा है। उस सपने को पूरा करने के लिए हमसब मिलकर काम करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व० डॉ० श्री कृष्ण सिंह जी के कामों को लोग याद रखते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने न्याय के साथ विकास के सिद्धांत को आगे बढ़ाया। राज्य में सड़कों का जाल बिछाया। आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने देश के हर गांव तक बिजली पहुंचाई तो नीतीश कुमार जी ने हर घर तक बिजली पहुंचाई। एन०डी०ए० की सरकार राज्य में लोगों के लिए 125 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान कर रही है। अगले 20 वर्षों में पीएम सूर्य घर के माध्यम से लोगों को मुफ्त बिजली प्रदान की जाएगी। श्री नीतीश कुमार जी ने स्कूलों के लिए बिल्डिंग बनवाई। 5 लाख 28 हजार शिक्षकों की बहाली की। हमने कहा है कि महिला शिक्षकों का स्थानांतरण अपने गृह पंचायत के बगल वाली पंचायत में तथा पुरुष शिक्षकों का स्थानांतरण अपने गृह प्रखंड के बगल वाले प्रखंड में किया जाएगा। शिक्षकों की सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है लेकिन उन्हें स्कूल में उपस्थित रहकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही होगा। उन्होंने कहा कि हमने 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोलने का निर्णय किया है। यह मॉडल स्कूल ऐसा हो जिसमें अधिकारी, नेता भी अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए पैरवी करेंगे। उस दिन हम समझेंगे कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो गई। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और आदरणीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने आतंकियों पर कड़ा प्रहार किया और घुसपैठियों पर लगाम लगाई। देश प्रगति की राह पर है। बिहार में भी किसी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा जो पुलिस को चैलेंज करेगा उसे 48 घंटे में जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है। उसको फिर से प्राप्त करना है। बिहार को समृद्ध बनाना है। बिहार को बदलने के लिए हम अपना कतरा-कतरा खून लगा देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर में एयरपोर्ट बनाने की सारी प्रकियाएं पूरी कर ली गई हैं, जल्द ही इसका शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमलोगों ने तीन चीनी मिलों को खोलने का निर्णय किया है। चौथा चीनी मिल खुलेगा तो मोतीपुर में ही खुलेगा। 2030 तक बिहार में 25 चीनी मिल शुरू करेंगे। राज्य सरकार ने 3 लाख 47 हजार करोड़ का बजट तैयार किया है। बिहार समृद्धि के रास्ते पर है। केंद्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। समृद्ध बिहार और गौरवशाली बिहार बनाने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना है। कैबिनेट से 11 सैटेलाइट टाउनशिप बनाने का निर्णय लिया गया है। 22 हजार एकड़ जमीन में तिरहुत नाम से इस क्षेत्र में नई सैटेलाइट टाउनशिप बनेगी। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर शहर को और व्यवस्थित बनाना है। रैपिड रेल शुरू करने की हमलोगों की योजना है। रैपिड रेल जब शुरू हो जाएगा तो मुजफ्फरपुर 30 से 40 मिनट में लोग पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह है कि सहयोग शिविर का भ्रमण करते रहें। जनता से मिलकर उनकी समस्या को जानें। जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर उनसे फीडबैक लें और मुझे भी जानकारी दें। सहयोग शिविर में लोगों को लाभ मिले। यह सभी को सुनिश्चित करना है। हमारा उद्देश्य है कि बिहार की जनता समृद्ध हो, इसके लिए हमसब को मिल-जुलकर काम करना होगा।

इस अवसर पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री सह मुजफ्फरपुर जिला के प्रभारी मंत्री डॉ० दिलीप जायसवाल, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्रीमती रमा निषाद, सांसद श्रीमती वीणा देवी, विधायक श्री राजू कुमार सिंह, विधायक श्री अजीत कुमार, विधायक श्री अरुण कुमार सिंह, विधान पार्षद श्री दिनेश प्रसाद सिंह, विधायक श्री रंजन कुमार, विधायक श्री अजय कुशवाहा, विधायक श्रीमती बेबी कुमारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव श्री जय सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव सह मुजफ्फरपुर जिला के प्रभारी सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त श्री गिरिवर दयाल सिंह, तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री नीरज कुमार सिंह, जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कांतेश कुमार मिश्रा सहित अन्य वरीय अधिकारीगण, सहयोग शिविर में आई हुई आम जनता, विभिन्न योजनाओं के लाभुकगण तथा गणमान्य लोग उपस्थित थे।