क्राइमबड़ी खबरेबिहार

खान सर की कोचिंग पर हमला, 10 राउंड फायरिंग , गार्ड गंभीर

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

पटना/बीती रात पटना के मुसल्लहपुर इलाके में खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग परिसर में अज्ञात उपद्रवियों ने हमला कर दिया। ईंट-पत्थर के बाद करीब 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। हमले में कोचिंग के गार्ड चुनचुन को निशाना बनाया गया। सिर पर ईंट-पत्थरों से वार से वे लहूलुहान हो गए। गंभीर हालत में उन्हें पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

रंजिश की वजह

27 मई को बिहार पुलिस सिपाही के 19,838 पदों का फाइनल रिजल्ट आया था। खान सर के स्टाफ का दावा है कि उनके संस्थान से सबसे ज्यादा छात्र सफल हुए। 31 मई को बिहार पुलिस सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। परिसर में लगे बड़े-बड़े बैनर और गेट प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संचालकों को खटक रहे थे। इसी रंजिश में मंगलवार रात जब स्टाफ जाने की तैयारी में था, तभी भीड़ ने हमला बोल दिया।

खान सर का बयान

मैं कोचिंग के अंदर ही था। अचानक करीब 8 से 10 राउंड गोलियां चलीं। हमारा एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ लोगों को इस बात से परेशानी है कि हम कम फीस में बच्चों को क्यों पढ़ाते हैं और यहां से बड़ी संख्या में सिलेक्शन क्यों हो रहा है। यह हमला इसी रंजिश का नतीजा है।

पुलिस कार्रवाई

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि घटना कोचिंग संस्थानों के बीच आपसी प्रतिस्पर्धा के कारण हुई है। गेट तोड़ने की पुष्टि हुई है, फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी होगी।

सूचना मिलते ही सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा और टाउन एएसडीपीओ-1 राजेश रंजन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस तैनात है। पत्थरबाजी और गोलीबारी से इलाके में भगदड़ मच गई थी।