बिहारसंस्कृति

तीन शताब्दियों से जारी अनवरत परंपरा उछाल गांव के श्री श्री 1008 मालिक लक्ष्मी नारायण मंदिर में धूमधाम से मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

सुभाष सिंह यादव 

मधुबनी जिले के जयनगर अनुमंडल अंतर्गत बासोपट्टी प्रखंड स्थित उछाल गाँव का ऐतिहासिक श्री श्री 1008 मालिक लक्ष्मी नारायण मंदिर इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य एवं पारंपरिक स्वरूप में मनाने जा रहा है। मान्यता है कि इस मंदिर में भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की 300 वर्षों से अधिक पुरानी परंपरा आज भी अनवरत रूप से जारी है। जन्माष्टमी के अवसर पर यहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठता है।

स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार, यहां केवल श्रीकृष्ण जन्मोत्सव ही नहीं, बल्कि जन्म से लेकर छठियार उत्सव तक छह दिनों तक धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलती है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मलिक लक्ष्मी नारायण मंदिर में सच्चे मन से की गई प्रार्थना और मनोकामना भगवान अवश्य पूरी करते हैं, जिससे यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज झा तथा संरक्षक राजा बाबू ने बताया कि इस वर्ष जन्माष्टमी महोत्सव को विशेष रूप से भव्य बनाया गया है। उन्होंने कहा कि समारोह में कई विशिष्ट एवं गणमान्य अतिथियों के साथ-साथ देश-प्रदेश के प्रसिद्ध सांस्कृतिक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम के तहत 04 सितंबर(शुक्रवार) को संध्याकालीन भजन संध्या के बाद भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद 05 और 06 सितंबर को 24 घंटे का रामनाम धुन संकीर्तन आयोजित होगा। वहीं 07 और 08 सितंबर को दिल्ली के प्रसिद्ध भजन सम्राट मदन मोहन एवं उनकी टीम भजन संध्या प्रस्तुत करेगी, जबकि 09 सितंबर को गायिका अमृत कुमारी एवं उनकी टीम की भजन संध्या के साथ छठियार उत्सव का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन समिति के अनुसार, जन्मोत्सव से लेकर छठियार तक पूरे छह दिनों के इस विशेष धार्मिक आयोजन में अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष गोल्ड मेडल से अलंकृत ज्योतिष रत्न गुरुजी डॉ. गौतम ऋषि जी का पावन सानिध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। इसके अलावा जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक विशिष्ट हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति भी इस आयोजन की शोभा बढ़ाएगी। महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के बीच उत्साह का माहौल बना हुआ है।