रहिका में अवैध शराब फैक्ट्री का उद्भेदन, छापेमारी में खाली बोतल और विभिन्न ब्रांडों के लेबल बरामद
अजय कुमार ठाकुर की रिपोर्ट
मधुबनी /रहिका थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। रहिका थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कथित अवैध शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, रहिका थाना अध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 में एक घर के अंदर अवैध तरीके से शराब की पैकिंग और उससे संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना मिलने के बाद थाना अध्यक्ष ने पुलिस टीम के साथ बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
पुलिस टीम जब जीवन झा के घर पहुंची और एक कमरे को खोलकर तलाशी ली, तो वहां का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। कमरे के अंदर शराब की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली खाली बोतलें, कुछ मात्रा में भरी हुई शराब तथा विभिन्न कंपनियों के लेबल बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से बरामद सभी सामान को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यहां शराब की पैकिंग अथवा अवैध शराब से जुड़ा कोई कारोबार संचालित किया जा रहा था। हालांकि, बरामद शराब की मात्रा, उसके स्रोत और यहां से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पुलिस की जांच अभी जारी है।
रहिका थाना पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई जाती थी, इसकी पैकिंग किस तरह की जाती थी और इस पूरे कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही बरामद विभिन्न कंपनियों के लेबल की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

