SSB ने संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप एवं ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद एक गिरफ्तार
News डेस्क
मधुबनी/भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक एवं प्रतिबंधित औषधियों की अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत 48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने बिहार पुलिस, औषधि विभाग, मधुबनी तथा 18वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, राजनगर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयाँ बरामद की हैं तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 17 जुलाई 2026 को प्राप्त विश्वसनीय आसूचना के आधार पर एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा जयनगर स्थित पटना गद्दी चौक के समीप, भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 1.8 किलोमीटर तथा सीमा स्तंभ संख्या 270/13 के निकट स्थित एक गोदाम पर नियमानुसार एनडीपीएस अधिनियम की धारा 42 के प्रावधानों का पालन करते हुए तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान गोदाम से निम्नलिखित प्रतिबंधित दवाइयाँ बरामद की गईं—
कोडीन फॉस्फेट एवं ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड सिरप (100 मि.ली.) – 6,085 बोतल
ड्राइड एल्यूमिनियम हाइड्रॉक्साइड जेल, मैग्नीशियम हाइड्रॉक्साइड एवं ऑक्सेटाकेन सस्पेंशन (200 मि.ली.) – 159 बोतल
डाइसाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड, ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड एवं एसीटामिनोफेन कैप्सूल (385 मि.ग्रा.) – 28,800 कैप्सूल
कार्रवाई के दौरान गोदाम में मौजूद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी प्राप्त हुई कि बरामद प्रतिबंधित दवाइयों का भंडारण कर उन्हें जयनगर क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों तक पहुँचाने की तैयारी की जा रही थी। मामले में प्राप्त अग्रिम एवं पश्चगामी लिंक के आधार पर अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बरामद प्रतिबंधित दवाइयों एवं गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए थाना जयनगर को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है।
कमांडेंट, 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने बताया कि सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों, प्रतिबंधित दवाइयों तथा अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सशस्त्र सीमा बल, बिहार पुलिस एवं अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर निरंतर प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर एवं निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।

