बिहार में कानून-व्यवस्था होगी और मजबूत राज्य में फिर लागू हुई जोन-रेंज प्रणाली 4 जोन और 12 रेंज बनेंगे
न्यूज डेस्क
पटना/बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाने के लिए राज्य में पुरानी जोन-रेंज व्यवस्था को एक बार फिर लागू करने का निर्णय लिया है। गृह विभाग की ओर से रविवार को इस संबंध में संकल्प जारी कर दिया गया।
नई व्यवस्था के तहत पूरे बिहार को चार पुलिस जोन में विभाजित किया गया है। ये जोन होंगे ।पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर। इन चार जोनों के अंतर्गत राज्य में कुल 12 पुलिस रेंज काम करेंगी।सरकार के नए ढांचे के अनुसार प्रत्येक जोन की कमान IG स्तर के वरिष्ठ अधिकारी के पास होगी। वहीं प्रत्येक रेंज की जिम्मेदारी DIG स्तर के अधिकारी को सौंपी जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे जिलों में कानून-व्यवस्था की मॉनिटरिंग बेहतर तरीके से हो सकेगी और अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी।
बता दें कि वर्ष 2019 में बिहार सरकार ने जोन व्यवस्था को समाप्त कर दिया था और केवल 12 रेंज के आधार पर पुलिसिंग की जा रही थी। लेकिन समीक्षा में पाया गया कि इससे अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। इसके बाद अब पुरानी जोन-रेंज वाली व्यवस्था को फिर से बहाल किया गया है।नए ढांचे को लागू करने के लिए राज्य में जल्द ही बड़े पैमाने पर IPS अधिकारियों के तबादले और पोस्टिंग किए जाने की संभावना है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को नए निर्देश के अनुसार तैयारी शुरू करने को कहा है।

