शादी दो महीने बाद पत्नी गायब पति ने अपहरण की आशंका दर्ज कराई प्राथमिकी
न्यूज डेस्क
मधुबनी/ साहरघाट थाना क्षेत्र के एक गांव से शादी के महज दो महीने बाद एक नवविवाहिता के गायब होने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर उसके पति ने साहरघाट थानाध्यक्ष को आवेदन देकर पत्नी को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अ’हरण किए जाने की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, युवक की शादी 12 मई 2026 को हुई थी। शादी के बाद वह कमाने के लिए बाहर चला गया। इसी बीच 14 जुलाई 2026 को उसकी पत्नी घर से अचानक गायब हो गई। काफी खोजबीन करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।
इसी दौरान पति को जानकारी मिली कि मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के पानापुर निवासी विक्रम बैठा शादी करने की नीयत से उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। आरोप है कि जब वह विक्रम बैठा के घर पहुंचकर पत्नी के बारे में पूछताछ करने गया तो उसके पिता विमल बैठा, भाई मणिराज बैठा एवं मां ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए वहां से भगा दिया।
पीड़ित पति ने आवेदन में बताया कि पत्नी की काफी खोजबीन करने के कारण प्राथमिकी दर्ज कराने में विलंब हुआ। उसने पुलिस से पत्नी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
इस संबंध में साहरघाट थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

