बड़ी खबरेबिहार

बिहार सरकार तथा सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक ।। 2.डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर बिहार विधान सभा अध्यक्ष ने अर्पित की श्रद्धांजलि

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

पटना/बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज 12:00 बजे मध्याह्न में अपने कार्यालय कक्ष में दिनांक 11–07–2026 एवं 12–07–2026 को गया जी स्थित बिपार्ड में नव निर्वाचित  सदस्यगण के लिए आयोजित होने वाले प्रबोधन कार्यक्रम के संबंध माननीय उप मुख्यमंत्री श्री विजय चौधरी एवं बिहार सरकार तथा सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।

बैठक में दिनांक 11–07–2026 एवं 12–07–2026 को गया जी स्थित बिपार्ड में आयोजित होने वाले अष्टादश बिहार विधान सभा के नव निर्वाचित माननीय सदस्यगण के प्रबोधन कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में विस्तारपूर्वक विचार–विमर्श किया गया। यह कार्यक्रम बिहार विधान सभा सचिवालय, प्राइड ( लोक सभा ) एवं बिपार्ड ( बिहार सरकार ) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में माननीय लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला, राज्यसभा के माननीय उप सभापति श्री हरिवंश, माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, माननीय उप मुख्यमंत्रीगण श्री विजय चौधरी एवं श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव , बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार, बिहार विधान परिषद् के माननीय सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह सहित अन्य गणमान्य महानुभाव शामिल होंगे। इस दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान लोक सभा की संस्था प्राइड के प्रशिक्षकगण विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों में माननीय सदस्यों को विधायी कार्यों के विविध पहलुओं से अवगत कराएंगे।

माननीय अध्यक्ष ने उपस्थित पदाधिकारियों को प्रतिभागियों एवं रिसोर्स पर्सन आदि के आवासन, प्रोटोकॉल, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन, गाड़ी पार्किंग एवं कार्यक्रम के मीडिया कवरेज सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निदेश दिया। माननीय उप मुख्यमंत्री श्री विजय चौधरी ने कहा कि सरकार इस कार्यक्रम में पूरा सहयोग करेगी। बिपार्ड के महानिदेशक श्री बी० राजेंद्र ने माननीय अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि सभा सचिवालय के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित कर ली जायेंगी।

इस बैठक में बिपार्ड के महानिदेशक श्री बी० राजेंद्र, अपर पुलिस महानिदेशक विधि–व्यवस्था श्रीमती के० सुहिता अनुपम, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ० सफीना ए० एन०, पुलिस महानिरीक्षक श्री विकास वैभव, गया जी के जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण एवं सभा सचिवालय की प्रभारी सचिव सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

2.डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर बिहार विधान सभा अध्यक्ष ने अर्पित की श्रद्धांजलि

बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज अपने कार्यालय कक्ष में भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रख्यात शिक्षाविद्, राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान देशभक्त डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर माननीय अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने राष्ट्रीय हितों की रक्षा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए जो योगदान दिया, वह सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के आदर्श, राष्ट्रसेवा की भावना और उनके विचार आज भी देश के विकास एवं सुशासन की दिशा में मार्गदर्शक हैं। उन्होंने सभी लोगों से उनके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।