महिला की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
सुरेन्द्र सिंह
मधुबनी/ साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिला की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के करहिया निवासी रामसेवक ठाकुर के रूप में हुई है।
कैसे हुई गिरफ्तारी
मधुबनी साइबर थाना कांड संख्या 45/25, दिनांक 22 दिसंबर 2025 के तहत दर्ज मामले में 27 मई 2026 को कार्रवाई हुई। पुलिस अवर निरीक्षक सह अनुसंधानकर्ता मुकुल रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में सशस्त्र बल के साथ छापेमारी कर नामजद आरोपी रामसेवक ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
क्या है मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। साथ ही ब्लैकमेल भी किया जा रहा था। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना में केस दर्ज किया गया था।
किन धाराओं में केस दर्ज
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट 2000 की धारा 66(D) और 67(A) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस अवर निरीक्षक मुकुल रंजन कुमार सिंह ने कहा कि साइबर अपराध के मामलों में पुलिस लगातार सतर्क है। सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी भी व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि साइबर प्रताड़ना, फेक आईडी, ब्लैकमेलिंग या आपत्तिजनक पोस्ट की सूचना तुरंत साइबर थाना को दें।
छापेमारी दल में कौन था शामिल
इस कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक मुकुल रंजन कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक रवि रंजन, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक पलक भारती समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

