बिहार

डीएसपी राघव दयाल ने एसएसबी के अधिकारी एवं चौकीदारों के साथ की संयुक्त बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

मधुबनी / जयनगर अनुमंडल में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएसपी राघव दयाल के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसएसबी के अधिकारी, स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों तथा सीमा क्षेत्र के चौकीदारों ने भाग लिया।बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना तथा सीमा क्षेत्र में आपसी समन्वय को बढ़ाना था। डीएसपी राघव दयाल ने उपस्थित चौकीदारों एवं एसएसबी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध आवाजाही, तस्करी तथा असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस एवं संबंधित एजेंसियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।उन्होंने कहा कि चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की आंख और कान होते हैं। ऐसे में उनकी भूमिका सीमा सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क रहकर कार्य करने तथा लोगों के बीच जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया।

बैठक में एसएसबी अधिकारियों ने भी सीमा सुरक्षा से संबंधित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की तथा स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने पर बल दिया। अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा खुली होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों को हमेशा सतर्क रहने की आवश्यकता है।इस दौरान सीमा क्षेत्र में नियमित गश्ती, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, रात्री निगरानी तथा सूचना तंत्र को मजबूत करने को लेकर विशेष रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने चौकीदारों से क्षेत्र की गतिविधियों की लगातार जानकारी साझा करने का अनुरोध किया।बैठक के अंत में डीएसपी राघव दयाल ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं चौकीदारों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। कार्यक्रम में एसएसबी के कई अधिकारी, पुलिस कर्मी एवं बड़ी संख्या में चौकीदार उपस्थित थे।