बिहार

राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर नगर भवन मधुबनी में आयोजित समारोह में कई कार्यक्रमों का हुआ अयोजन

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

मधुबनी /राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर नगर भवन मधुबनी में आयोजित समारोह में कई कार्यक्रमों का अयोजन किया गया।जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। अपने संबोधन के क्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि हमारे समाज में नारी का सम्मान हमेशा से होता आया है,परन्तु बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी घटनाएं आज भी देखने को मिलती हैं जो अत्यंत खेदजनक है।

उन्होंने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए सरकार के द्वारा इसे प्राथमिकता में रखकर लगातार प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कुरीतियों के विरुद्ध कानून पहले से मौजूद हैं, परंतु, जन जागरूकता द्वारा इसे प्रभावी तरीके से दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बालक और बालिकाओं में समानता की शुरुआत हमें अपने परिवार से करनी होगी। बालिकाओं को भी पढ़ने और आगे बढ़ने के समान अधिकार मिले ये आवश्यक है। आज इस परिप्रेक्ष्य में जन चेतना में सुधार देखने को मिल रहा है। परंतु, इस दिशा में और भी प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित बालिकाओं को एक अविभावक के रूप में उनके सर्वांगीण विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बाते भी बताई। पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय रश्मि ने भी अपने संबोधन के क्रम में उपस्थित बालिकाओं का काफी हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आज पुलिस विभाग द्वारा जारी डायल 112 पर फोन कर बालिकाएं एवं महिलाएं अपने विरुद्ध किसी भी प्रकार के उत्पीड़न लिए त्वरित सहायता प्राप्त कर सकती है।

बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह में कविता पाठ,भाषण,मोमबत्ती जलाओ प्रतियोगिता,क्विज प्रतियोगिता,म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता,स्कूल बैग वितरण ,हस्ताक्षर अभियान शपथ ग्रहण के साथ-साथ कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने भावना कुमारी,श्रुति झा,मनीषा कुमारी,अर्चना कुमारी,मोनिका कुमारी,शालिनी कुमारी,सदफ सुल्ताना सहित कई बच्चियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया।बच्चियों के बीच स्कूल बैग का वितरण भी किया गया। उपविकास आयुक्त दीपेश कुमार एवं उपनिदेशक जनसंपर्क परिमल कुमार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

उक्त अवसर पर उप विकास आयुक्त दीपेश कुमार, उप निर्देशक जनसंपर्क परिमल कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, प्रभारी जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस ),आशीष अमन, जिला मिशन समन्वयक ,जिला आईसीडीएस कार्यालय के सभी कर्मी एवं विद्यालय के छात्रा उपस्थित थे।