बिहार

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडो के चयनित पंचायतो में चल रही योजनाओं एवं विकास कार्यो का किया औचक निरीक्षण

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज़ डेस्क

मधुबनी/जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा सहित डीडीसी, अपर समाहर्ता एवं सभी प्रखंडो के वरीय अधिकारियों ने चयनित पंचायतो में पहुँचकर चल रही योजनाओं एवं विकास कार्यो का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र भ्रमण के दौरान राजनगर प्रखंड के करहिया पूर्वी पंचायत भी पहुंचे जहां उनके द्वारा राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय कसियौना का औचक निरीक्षण भी किया गया। जहां उन्होंने विद्यालय उपस्थिति पंजी और नामांकन पंजी का अवलोकन किया। इसके साथ ही वे बच्चों की कक्षा में भी गए और उनके कक्षा सापेक्ष दक्षता की जांच की। उनके आगमन को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। उन्होंने विद्यालय में रसोई घर का अवलोकन भी किया। विद्यालय के चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश भी दिए गए। उन्होंने विद्यालय के मुख्य द्वार के आसपास अतिक्रमण को देखकर नाराजगी भी जताई और इसे दूर करवाने के निर्देश दिए।उनके द्वारा विद्यालय परिसर में बने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण भी किया गया।

जिलाधिकारी द्वारा पंचायत के जन वितरण प्रणाली केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया जिसके दौरान सोमनाथ साहू और कुशेश्वर ठाकुर की दुकान बंद पाई गई। उन्होंने इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उनके द्वारा पंचायत के वार्ड नंबर 04 में उत्क्रमित मध्य विद्यालय रहि पूरब के प्रांगण में बने जलमिनार का भी निरीक्षण किया और स्टेबलाइजर के आभाव में इसे बंद पाया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से इसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्ड नंबर 11 के नल जल योजना में दूषित जल की शिकायत पर समुचित जांच के निर्देश भी दिए हैं।

जिला पदाधिकारी द्वारा पंचायत के पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण भी किया गया जहां पंचायत के मुखिया और वार्ड सदस्यों के साथ पंचायत के विकास को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने पंचायत सरकार भवन के जर्जर कमरों की मरम्मती के निर्देश भी दिए। उनके द्वारा पंचायत सरकार भवन के निकट मनरेगा योजना से हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम का जायजा भी लिया गया।

उन्हें पंचायत सरकार भवन के निकट बने एसएफसी के गोदाम के बारे में बताया गया कि गोदाम मात्र बाहर से जर्जर है, जबकि अंदर से अच्छी स्थिति में है। जिलाधिकारी ने जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम को निर्देश दिया कि गोदाम की जल्द मरम्मत करवाई जाए। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती निवेदिता के साथ साथ प्रखंड स्तरीय अन्य अधिकारी उपस्थित थे।