बिहार

संत शिरोमणि रविदास की जयंती मनाई गई

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

लदनियां से अमरनाथ यादव की रिपोर्ट

मधुबनी /लदनियां प्रखंड के गोदाम गांव में रविवार को संत शिरोमणि रविदास चेतना महासंघ की प्रखंड इकाई लदनियां की देखरेख में रविदास जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अवकाश प्राप्त शिक्षक वासुदेव महरा ने की। श्रद्धालुओं ने उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री महरा ने संत रविदास जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने अनमोल विचार व रचनाओं के माध्यम से समाज में व्याप्त गैरबराबरी व कुरीतियों को दूर करने में कामयाबी पाई। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अनुमंडल स्तरीय कमेटी के अध्यक्ष उपेन्द्र राम ने कहा कि उन्होंने समाज को एक सूत्र में बांधने का प्रयास किया। सचिव रामाशीष राम ने कहा कि विषम सामाजिक परिस्थितियों में उनके द्वारा दिए गए वैश्विक भाईचारे व सहिष्णुता का संदेश आज के परिप्रेक्ष्य में अति प्रासंगिक है। विजय राम ने कहा कि वे मानवता के पुजारी थे। रोहित कुमार महरा वह डॉ. तारकेश्वर राम ने कहा कि उन्होंने समाज को समरसता का पाठ पढ़ाया। अवकाश प्राप्त शिक्षक दुःखी राम ने कहा कि उनके द्वारा दी गई शिक्षा व नैतिक संदेश आज भी लोगों के आदर्श हैं। मौके पर महानंद प्रसाद, रामदेव राम, विन्देश्वर राम, रामरूप राम, जयलाल महरा, रूपलाल महरा समेत सैकड़ों लोग थे।