बिज़नेसक्राइमबड़ी खबरेबिहार

पटना ADM और सब-रजिस्ट्रार पत्नी के घर विजिलेंस रेड बिस्तर से निकले नोटों के बंडल 48 महंगी घड़ियां और करोड़ों के गहने बरामद

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

राजकुमार यादव की रिपोर्ट 

पटना / बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने  बड़ी कार्रवाई की है। पटना के एडीएम आपूर्ति रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर की सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।निगरानी की टीम ने कोर्ट से सर्च वारंट लेकर पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के कश्यप ग्रीन सिटी, नहर रोड स्थित फ्लैट नंबर-304 पर सुबह दबिश दी। यहाँ अलमारी और लॉकरों से 500-500 के 100 से अधिक बंडल मिले। अब तक 70 लाख से 1 करोड़ से अधिक कैश की बरामदगी बताई जा रही है। गिनती के लिए मौके पर नोट गिनने की मशीनें मंगानी पड़ी।

यहाँ से 48 महंगी ब्रांडेड घड़ियां (कीमत करीब 6 लाख से 1 करोड़ बताई जा रही), भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात, 2 फ्लैट के कागजात और जमीन-जायदाद के दस्तावेज भी मिले हैं।

दूसरी तरफ निगरानी डीएसपी वासुदेव राय के नेतृत्व में 6 सदस्यीय टीम ने बेगूसराय के पोखरिया वार्ड-37 स्थित पैतृक आवास पर दोपहर 1 बजे छापा मारा। यहाँ से 9 लाख रुपये से अधिक नकद और बड़ी मात्रा में सोने के जेवरात बरामद हुए हैं। अब तक पटना और बेगूसराय दोनों जगह मिलाकर एक करोड़ से ज्यादा नकद, करोड़ों के जेवर और लग्जरी घड़ियां बरामद होने की बात सामने आ रही है। अधिकारियों के अनुसार यह आंकड़ा तलाशी पूरी होने के बाद और बढ़ सकता है।

निगरानी ने दंपती के खिलाफ कांड संख्या 113/26 के तहत 1,06,85,900 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। इसी केस में कोर्ट से वारंट लेकर चार ठिकानों* पर तलाशी की गई।

रविंद्र कुमार दिवाकर 2000 में शिक्षक बने 2009 में सारण DPRO फिर कटिहार, दरभंगा, सहरसा, समस्तीपुर SDM, गया SDO, पटना SDO और अक्टूबर 2025 से पटना में ADM आपूर्ति हैं। पत्नी कुमारी स्वीटी 2013 बैच की सब-रजिस्ट्रार हैं।टेघड़ा, हवेली खड़गपुर, सकरा के बाद 2024 से दानापुर में पदस्थ हैं।

फिलहाल निगरानी की टीम बरामद दस्तावेजों और बैंक खातों का मिलान घोषित आय से कर रही है।