( बड़ी खबर) 2027 से पहले JDU का यूपी में बड़ा दांव वाराणसी से निशांत कुमार करेंगे चुनावी शंखनाद
सुरेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
लखनऊ / पटना /2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी इस बार यूपी में सिर्फ मौजूदगी नहीं, बल्कि अपनी ताकत दिखाने के मूड में है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार 25 अक्टूबर को वाराणसी से यूपी चुनाव अभियान की शुरुआत कर सकते हैं। वाराणसी में होने वाले इस बड़े कार्यक्रम में JDU के प्रदेशभर के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी के बड़े लीडर समेत कई वरिष्ठ नेताओं के भी पहुंचने की संभावना है।
JDU उत्तर प्रदेश की करीब 60 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। पार्टी का खास फोकस पूर्वांचल की उन सीटों पर है, जहां कुर्मी और कुशवाहा मतदाताओं की संख्या अधिक है। JDU को लगता है कि बिहार मॉडल की तरह यूपी में भी यह वोटबैंक निर्णायक हो सकता है।
हालांकि बीजेपी के साथ गठबंधन में सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला अभी बाकी है। JDU चाहती है कि NDA में रहते हुए उसे सम्मानजनक सीटें मिलें।
2022 के यूपी चुनाव में JDU ने 27 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ा था, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। पार्टी को सिर्फ 0.11 प्रतिशत वोट*ल मिले थे और 26 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। यही वजह है कि इस बार पार्टी कोई चूक नहीं करना चाहती और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर रही है।
सियासी गलियारों में चर्चा है कि नीतीश कुमार के बाद JDU निशांत कुमार को यूपी में आगे करके युवा कुर्मी चेहरे के तौर पर पेश करना चाहती है। वाराणसी से शुरुआत करना भी एक बड़ा सियासी संकेत माना जा रहा है।
अब देखना होगा कि बिहार में महागठबंधन और NDA के बीच चल रही खींचतान के बीच JDU का यह यूपी मिशन कितना सफल होता है।

