VB-G RAM G योजना के तहत विकास कार्यों की समीक्षा पदाधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देशबल ।।2.जन्माष्टमी महोत्सव-2026 लखनौर में जुटेंगे जिले के नामचीन कलाकार :DM ।। 3.जाँच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार अभियान के तहत जागरूकता रथ को DM एवं SP ने दिखाई हरी झंडी
अजय कुमार ठाकुर कि रिपोर्ट
मधुबनी/उप विकास आयुक्त तुषार कुमार की अध्यक्षता में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (DRDA) सभागार में VB-G RAM G योजना के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, पंचायत स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन तथा संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करने तथा कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप विकास आयुक्त तुषार कुमार ने कहा कि VB-G RAM G योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक आधारभूत संरचना को मजबूत करना तथा आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान प्राथमिकता वाले कार्यों के साथ-साथ ग्रामीण हाट, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा विद्यालयों से संबंधित निर्माण कार्यों पर भी चर्चा की गई। विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, VB-G RAM G अशोक कुमार राय ने कहा कि योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत VB-G RAM G योजना से किए जाने वाले कार्यों पर भी चर्चा हुई। पंचायत स्तर पर तालाबों के जीर्णोद्धार, चेक डैम निर्माण, सोखपिट निर्माण तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग के निर्माण करने हेतु निर्देश दिए गए। उप विकास आयुक्त ने इन कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित अनुश्रवण पर जोर दिया।
मौके पर उप विकास आयुक्त द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा भी की गई जिसमें जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में सहायक अभियंता, आलोक कुमार, VB-G RAM G के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
2.जन्माष्टमी महोत्सव-2026 लखनौर में जुटेंगे जिले के नामचीन कलाकार :DM
मधुबनी/कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव-2026 के अवसर पर 05 सितंबर 2026 को लखनौर प्रखंड अंतर्गत राधा कृष्ण स्थल, झंझारपुर, मधुबनी में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6:00 बजे से होगा।
जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में जिले के विभिन्न कलाकारों द्वारा शास्त्रीय संगीत, सुगम संगीत, मैथिली भजन, लोकगीत, समूह लोकनृत्य एवं म्यूजिकल बैंड सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति एवं मिथिला की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में संगीत नाटक अकादमी से सम्मानित महेंद्र राम द्वारा रसनचौकी वादन की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अतिरिक्त मुरारी कुमार शास्त्रीय गायन, विवेक कुमार पासवान सुगम संगीत, राम कृष्ण झा मैथिली भजन तथा डॉली रानी लोकगीत गायन प्रस्तुत करेंगी।
इसी क्रम में मिथिला लोक कला संगम द्वारा समूह लोकनृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं राम सेवक ठाकुर कार्यक्रम में उद्बोधक के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे तथा राहुल कुमार राम के नेतृत्व में म्यूजिकल बैंड द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी।
जिला प्रशासन, मधुबनी की ओर से जिलावासियों से इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने एवं कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।
3.जाँच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार अभियान के तहत जागरूकता रथ को DM एवं SP ने दिखाई हरी झंडी
मधुबनी राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के निर्देश के आलोक में जिले में संचालित “जाँच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार” अभियान के तहत जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र कुमार ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ (एलईडी वाहन) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह जागरूकता रथ जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को अभियान के उद्देश्यों एवं गैर-संचारी रोगों की समय पर जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक करेगा।
ज्ञातव्य हो कि उक्त अभियान के तहत 01 सितंबर, 2026 से 30 नवंबर, 2026 तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण तथा आवश्यक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उच्च रक्तचाप, मधुमेह, तीन प्रकार के सामान्य कैंसर—मुंह, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, हृदय रोग, नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD) तथा क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) जैसी बीमारियों की समय पर पहचान करना, आवश्यक प्रबंधन एवं उपचार सुनिश्चित करना तथा इनसे होने वाली असामयिक मौतों में कमी लाना है।
घर-घर होगी स्क्रीनिंग, उपलब्ध कराई जाएंगी निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं
अभियान के दौरान लोगों को गैर-संचारी रोगों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य जांच, परामर्श, दवा वितरण एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री मुकेश रंजन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) श्री पंकज कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री कुमार दीपक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

