छात्रहित में महत्वपूर्ण पहल 24 वर्षों से लंबित बिहार पात्रता परीक्षा आयोजित कराने की मांग
न्यूज डेस्क
पटना/बिहार में विगत 24 वर्षों से लंबित BET (Bihar Eligibility Test) बिहार पात्रता परीक्षा के आयोजन की मांग को लेकर बिहार प्रदेश भाजपा युवा नेता रविकांत गुप्ता ने माननीय उच्च शिक्षा मंत्री श्री संजय सिंह टाइगर जी से उनके विभाग में शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान श्री गुप्ता ने बिहार के लाखों स्नातकोत्तर (P.G.) छात्रों की लंबे समय से चली आ रही समस्या एवं उनकी शैक्षणिक जैसे- बिहार के छात्र R&D (Research and Development) अनुसंधान और विकास (या ‘शोध एवं विकास’) करने वालों की प्रतिशत बहुत कम है एवं भविष्य से जुड़ी चिंताओं से माननीय मंत्री जी को अवगत कराया। उन्होंने छात्रहित में बिहार पात्रता परीक्षा का आयोजन शीघ्र कराने की मांग को लेकर माननीय मंत्री जी को एक आवेदन भी सौंपा।
श्री रविकांत गुप्ता ने कहा कि लंबे समय से BET परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण राज्य के हजारों-लाखों स्नातकोत्तर छात्र अपने शैक्षणिक एवं रोजगार संबंधी अवसरों को लेकर प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस परीक्षा के आयोजन की दिशा में शीघ्र ठोस पहल आवश्यक है।
इस महत्वपूर्ण मांग पर माननीय उच्च शिक्षा मंत्री श्री संजय सिंह टाइगर जी ने सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
श्री गुप्ता ने आशा व्यक्त की कि माननीय मंत्री जी एवं बिहार सरकार छात्रहित को ध्यान में रखते हुए 24 वर्षों से लंबित BET परीक्षा के आयोजन की दिशा में शीघ्र सकारात्मक एवं निर्णायक पहल करेंगे, जिससे बिहार के लाखों P.G. छात्रों को इसका लाभ मिल सकेगा।

