बिहारदेश - विदेशबड़ी खबरे

कांवड़ यात्रा के दौरान महिला ने दिया जुड़वा बेटों को जन्म नीलकंठ से गंगाजल लेकर दिल्ली लौट रही थी भोली SSP ने रखे नाम गणेश और कार्तिकेय मां और दोनों नवजात स्वस्थ अस्पताल में बधाइयों का तांता

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज़ डेस्क 

मुज़फ्फरनगर/ सावन माह की कांवड़ यात्रा के बीच आस्था और चमत्कार से जुड़ी एक अनोखी घटना सामने आई है। हरिद्वार के नीलकंठ से पवित्र गंगाजल लेकर दिल्ली लौट रही एक महिला शिवभक्त ने रास्ते में ही जुड़वा बेटों को जन्म दे दिया।

यह पूरा मामला जिला महिला चिकित्सालय, मुज़फ्फरनगर का है। यहां सोमवार सुबह दिल्ली निवासी भोली ने दो स्वस्थ बेटों को जन्म दिया। प्रसव के बाद मां और दोनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार भोली अपने परिवार के साथ कांवड़ लेकर नीलकंठ से दिल्ली जा रही थी। सोमवार सुबह मुज़फ्फरनगर पहुंचते ही उसे अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। आनन-फानन में परिजनों ने उसे जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक डिलीवरी कराई।

अस्पताल के सीएमएस डॉ. संगीता ने बताया कि मां और दोनों नवजात बिल्कुल स्वस्थ हैं। किसी तरह की कोई जटिलता नहीं है।

इस अनोखे जन्म की खबर मिलते ही एसपी मुज़फ्फरनगर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मां और बच्चों का हालचाल लिया। भक्ति भाव से प्रेरित होकर SSP ने दोनों नवजातों का नाम गणेश  और  कार्तिकेय रखा।SSP ने कहा कि सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान हुआ यह जन्म भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद है। कांवड़ियों की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों के लिए भी यह सौभाग्य की बात है।

खबर फैलते ही अस्पताल में बधाई देने वालों का तांता लग गया। कांवड़िए और स्थानीय लोग मां और बच्चों का आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं। सभी इसे भगवान शिव की कृपा बता रहे हैं।परिजनों ने बताया कि भोली पिछले कई वर्षों से हर सावन कांवड़ लाती है। इस बार भगवान ने उसे दोहरी खुशी देकर कृतार्थ कर दिया।