छात्र प्रदर्शन के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज 4 थानों में 24 FIR 258 आरोपी भेजे गए जेल
राजकुमार यादव
पटना/ पटना में 22 और 25 जुलाई को छात्र संगठनों द्वारा किए गए उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदर्शन के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, यातायात बाधित करने और कानून व्यवस्था भंग करने के आरोप में पुलिस ने अब तक 4 थानों में 24 प्राथमिकी दर्ज की हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गांधी मैदान, कोतवाली, सचिवालय और पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में दर्ज इन मामलों में 285 लोगों को नामजद किया गया है। इसके साथ ही लगभग 6 हजार अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक 258 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। शेष नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं अज्ञात आरोपितों की पहचान के लिए घटना स्थल के CCTV फुटेज और सोशल मीडिया वीडियो की जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि प्रदर्शन के नाम पर कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

