मेधा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : शिक्षा मंत्री। । 2 .शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
न्यूज डेस्क
पटना/शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि राज्य सरकार विद्यार्थियों की मेधा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व नवाचार को बढ़ावा देने और शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
गुरुवार को बक्सर में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा रहा है। यह बिहार की शैक्षणिक प्रगति का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में यह आंकड़ा 98 से 99 प्रतिशत तक पहुंचेगा।
श्री तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कर रही है। मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट सरस्वती विद्या निकेतन के तहत राज्य के प्रत्येक प्रखंड में मॉडल स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में विषय विशेषज्ञ एवं दक्ष शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालय भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में विकसित होंगे तथा अन्य विद्यालयों के लिए भी मानक स्थापित करेंगे। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिससे वे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बन सकें।
शिक्षा मंत्री ने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
2. शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
बक्सर जिला अतिथि गृह में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शैक्षणिक वातावरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी योजनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से धरातल पर उतारने तथा विद्यार्थियों तक उनका लाभ सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने कहा, “राज्य सरकार का लक्ष्य केवल विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराना है। प्रत्येक विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आवश्यक आधारभूत सुविधाएं और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिक्षा विभाग का प्रत्येक पदाधिकारी इस संकल्प के साथ कार्य करे कि सरकारी विद्यालय आमजन के विश्वास का केंद्र बनें और प्रत्येक विद्यार्थी को सीखने के बेहतर अवसर प्राप्त हों।”
बैठक में माननीय विधान पार्षद श्री जीवन कुमार जी, जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित शिक्षा विभाग के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

